bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

सायमंड्स आते हैं या नहीं इससे मुझे क्या : हरभजन

मेलबोर्न.पूरा ऑस्ट्रेलिया यह जानने के लिए बेताब है कि ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला एंड्रयू सायमंड्स अंतत: भारत दौरे पर जाते हैं या नहीं। पर, सिडनी टेस्ट में उनसे उलझने वाले भारतीय ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने कहा है कि सायमंड्स भारत दौरे पर आते हैं या नहीं इसकी उन्हें कोई चिंता नहीं है।

गौरतलब है कि सिडनी टेस्ट में सायमंड्स ने भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह पर नस्लीय टिप्पणी का आरोप लगाया था। जिसके चलते भारत का ऑस्ट्रेलियाई दौरा भी खतरे में पड़ गया था।

बाद में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा सायमंड्स के आरोपों से अपना पल्ला झाड़ लेने के बाद ही भारत का दौरा संभव हो सका। उस समय भी टीम के प्रति सायमंड्स की प्रतिबद्धताओं पर सवाल खड़े हुए थे। जबकि, हाल में सायमंड्स टीम की आवश्यक बैठक में उपस्थिति होने की जगह मछली पकड़ने चले गए थे। उनकी इस कार्रवाई को अनुशासन हीनता मानते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें बांग्लादेश सीरीज से हटा दिया था।

फर्क नहीं पड़ता :

आगामी भारत दौरे से सायमंड्स को अब तक हटाया नहीं गया है। सायमंड्स के भारत दौरे के संबंध में पूछे जाने पर हरभजन ने कहा,‘इससे मुझे कोई परेशानी नहीं है कि सायमंड्स भारत दौरे पर आते है या नहीं। हम एक देश के खिलाफ मैच खेलते हैं। अगर वे इस टीम में शामिल हैं तो ठीक हैं और अगर वे उस टीम में नहीं हैं तो भी इससे मेरे ऊपर बहुत फर्क नहीं पड़ता।’

अधिक पैसा है समस्या :

इस संबंध में पूर्व क्रिकेटर डॉग वाल्टर्स का मानना है कि आजकल के खिलाड़ियों को काफी पैसा मिल रहा है। अगर सायमंड्स को आईपीएल में 12 दिन खेलने के लिए लगभग 6 करोड़ रुपए मिलते हैं, तो ऐसे में क्या वो अपने देश के लिए खेलने में रुचि लेंगे।

हरभजन विवाद को भूले नहीं हैं :

उधर खबरों में कहा गया है कि हरभजन विवाद को सायमंड्स भूले नहीं हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से हरभजन को राहत देने से भी सायमंड्स आहत बताए जाते हैं।

चैपल ने दी सायमंड्स को सलाह : पूर्व भारतीय कोच ग्रेग चैपल ने सायमंड्स को सलाह दी है कि आप जो कुछ बेहतर ढंग से कर सकते हैं आप का ध्यान उन्हीं सब बातों पर होना चाहिए। पर, अगर कोई चीज गलत दिशा में जाती है तो मीडिया उसे उछालने में कोर कसर नहीं छोड़ती।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: