नई दिल्ली.शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर स्कूली शिक्षा को प्रोत्साहन देने के मकसद से केंद्रीय कैबिनेट ने गुरुवार को देश के अनुसूचित जाति और जनजाति बहुल जिलों में 20 और जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने की अनुमति दे दी।
केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले के अनुसार पंजाब के अनुसूचित जाति बहुल तीन जिलों में सामान्य नवोदय विद्यालय के अलावा तीन और नए नवोदय विद्यालय खोले जाएंगे। झारखंड, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा में भी आदिवासियों के लिए तीन-तीन नवोदय विद्यालय खोले जाएंगे।
दक्षिण के कई राज्यों में अनुसूचित जाति के लिए अलग से नवोदय विद्यालय की मांग के मद्देनजर केंद्र सरकार ने पंजाब में तीन, केरल में दो, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में एक-एक विद्यालय समेत 10 नए नवोदय विद्यालय खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
आदिवासी बहुल राज्यों के छात्रों के लिए भी केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 10 नए नवोदय विद्यालयों की अनुमति दी है। इसके लिए भी यह तय किया गया है कि जिस जिले में आदिवासी आबादी अधिक होगी, वहीं ये विद्यालय खोले जाएंगे।