नई दिल्ली.
दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़े एयर इंडिया के एक विमान की जांच के दौरान एक सीट के नीचे कोबरा सांप पाए जाने से केबिन क्रू के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने सांप को पकड़ने की काफी कोशिश की लेकिन यह पकड़ में नहीं आया। घटना सोमवार की है।
इस संबंध में एयर इंडिया ने गुरुवार को स्पष्टीकरण जारी करते हुए बताया कि विमान में पाया गया सांप कोबरा नहीं था और न ही इसकी वजह से कोई फ्लाइट लेट हुई। एयरलाइंस के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को विमान की नियमित जांच के दौरान एक सांप श्रीनगर से आए एयर इंडिया के विमान ए-319 में एक सीट के नीचे कुंडली मारे दिखाई दिया।
क्रू सदस्यों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह एयरवेंट में घुस गया। विमान के सभी दरवाजे खोलने और पैनल्स को अलग करने के बाद भी पकड़ में नहीं आया। प्रवक्ता ने सांप के कोबरा होने की बात को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें पता नहीं कि यह कौन सी प्रजाति का सांप है लेकिन यह तय है कि वह कोबरा नहीं था।