नई दिल्ली. मक्का जाने के लिए आए राजस्थान के 165 मुस्लिम यात्री गुरुवार को नई दिल्ली में अटक गए। इन सभी के पासपोर्ट, वीजा और करीब दो करोड़ रुपए लेकर एक एजेंट फरार हो गया।
ये सभी मुस्लिम राजस्थान के उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर सहित विभिन्न स्थलों से आए हैं और फिलहाल जामा मस्जिद में एक होटल में रुके हुए हैं। ये लोग उमरा के लिए मक्का जा रहे थे।
उदयपुर में मेडिकल विश्वविद्यालय में प्रशासनिक अधिकारी रहे अब्दुल हमीद ने बताया कि उनके साथ बीकानेर के 43, जोधपुर के 50, उदयपुर के 23 और बाकी यात्री प्रदेश के अन्य शहरों से आए हैं। इन सभी को जोधपुर के एक एजेंट ने गुरुवार सुबह आठ बजे की फ्लाइट से भेजने के लिए कहा था। एजेंट का कहना था कि पासपोर्ट और वीजा तैयार है। आप सब तो दिल्ली पहुंच जाओ।
अब्दुल हमीद और अन्य लोगों ने बताया कि जोधपुर की अलमेहराज कंपनी को उन्होंने 40 हजार रुपए से 70 हजार रुपए तक दिए थे। इस तरह सबने करीब दो करोड़ रुपए दिए थे। लेकिन आज एजेंट खुद ही गायब था। पुलिस में मामला दर्ज कराने गए तो कहा गया कि यह तो जोधपुर का प्रकरण है। आप वहीं दर्ज करवाइए।