bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

फिर एक और गाड़ी में आग

कोटा. कोटड़ी में गुरुवार शाम एक मकान के बाहर खड़ी वैन में आग लग गई। आग का कारण एलपीजी सिलेंडर था। लेकिन, घरेलू सिलेंडर से वैन में गैस भरते समय लगी या वैन में लगे सिलेंडर में लीकेज से हादसा हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

कोटड़ी रोड पर बाबर खान की वैन मकान के बाहर खड़ी थी। अचानक लोगों ने वैन में से आग की लपटें उठते देखी, जिससे वहां हड़कंप मच गया। फायर स्टेशन को सूचना दी गई। एक छोटी व दो बड़ी दमकल मौके पर पहुंचीं, तब तक वैन से उठने वाली लपटें 10-12 फीट ऊंचाई तक पहुंच गई थीं। लपटों ने मकान की पहली मंजिल की बालकनी में लगे दरवाजों को अपनी चपेट में ले लिया।

मकान के नीचे स्थित दुकान के दरवाजे भी जलने लगे। अग्निशमनकर्मियों ने सबसे पहले मकान व दुकान बचाया, फिर वैन की आग बुझाई। आग से वैन ढांचे में बदल गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

वैन में मिला सिलेंडर
जिस समय वैन में आग लग रही थी। उस समय उसमें एलपीजी गैस किट लगी हुई थी और पास में घरेलू गैस सिलेंडर रखा हुआ था। एएफओ व्यास ने जलती हुई वैन में से घरेलू गैस सिलेंडर बाहर निकाला। दोनों में कोई भी सिलेंडर में यदि फट जाता तो कई लोग जख्मी हो सकते थे।

भीड़ से परेशानी
आग लगने के बाद मौके पर कोटड़ी व आसपास के लोग तमशबीन बनकर खड़े हो गए। स्थिति यह हो गई कि दमकल को भी वहां तक ले जाने के लिए भीड़ को जबरदस्ती हटाना पड़ा। पुलिसकर्मियों की तादाद भी कम ही थी। दमकल वहां पहुंच गई तो लोग खुद ही पाइप लेकर इधर-उधर दौड़ते रहे। बड़ी मुश्किल से दमकलकर्मियों ने उनके हाथों से पाइप छीने और आग बुझाने में जुटे।

दो दिन, दूसरी वारदात
चार पहिया वाहनों में आग की दो दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले बुधवार को धानमंडी पेट्रोल पंप के सामने एक कार में आग लग गई थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: