रांची.
स्कूली शिक्षा पूरी करने के नौ साल बाद टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी स्नातक की डिग्री लेना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने यहां के एक स्थानीय कॉलेज में दाखिला भी लिया है।
स्थानीय सेंट जेवियर कॉलेज में स्नातक की डिग्री के लिए धोनी ने ऑफिस मैनेजमेंट और सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस के कोर्स को चुना है।
‘जेड’ श्रेणी के सुरक्षा घेरे में रहने वाले धोनी के क्लास में नियमित उपस्थिति से छूट देने के मामले पर कॉलेज के वाइस चांसलर विचार कर रहे हैं। आखिर धोनी के सुरक्षा घेरे और उनके स्टार स्टेटस को देखते हुए कॉलेज प्रशासन से उन्हें इस तरह की छूट मिलना लाजमी भी है।
इस संबंध में पूछने पर कॉलेज के प्रिसिंपल फादर निकोलस टेटे ने इस खबर की पुष्टि की है कि स्टार क्रिकेटर धोनी ने हमारे कॉलेज में दाखिला लिया है।
फादर टेटे ने बताया कि धोनी के रिश्तेदारों ने उनके दाखिले से संबंधित सारी औपचारिकताएं पूरी कर दी हैं। यह पूछे जाने पर कि ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा के साथ धोनी कॉलेज में नियमित छात्र के रूप में क्लास में कैसे आ सकते हैं।
इस पर फादर टेटे ने बताया कि धोनी को एक नियमित छात्र के रूप में दाखिला दिया गया है, पर उन्हें नियमित उपस्थिति में छूट देने के मामले में चासंलर विचार कर रहे हैं।
गुरु ने मांगी गुरु-दक्षिणा :
शिक्षक दिवस के दिन धोनी के क्रिकेट गुरु रहे चंचल भट्टाचार्य ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए उनसे गुरु दक्षिण की मांग की। वनडे टीम के कप्तान धोनी से उनके गुरु ने गुरु-दक्षिणा में 2011 का विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट जीतने की मांग की है। भट्टाचार्य ने कहा है कि अगर धोनी मुझे गुरु दक्षिणा में कुछ देना चाहते हैं, तो यही मेरी गुरु-दक्षिणा है।