हिसार.
हिसार में सेना के अश्व प्रजनन फार्म में पाले जा रहे घोड़ों की कीमत इतनी ज्यादा है कि जिसे सुनकर आप हक्के-बक्के रह जाएंगे। यहां के जर्मन ब्रीड और स्टैलियन नस्ल के एक घोड़े की कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। रख-रखाव इतना महंगा है कि उतने में आप एक साधारण घोड़ा खरीद सकते हैं।
सेना के रिमाउंट वेटनरी कोर के रिटायर्ड लेफ्टीनेंट जनरल नारायण मोहंती ने बताया कि सेना के इस अस्तबल मेंएक घोड़े पर प्रतिमाह करीबन 30 हजार रुपए का खर्च आता है। इन्हें प्रतिदिन जई, मक्का सहित औसत 300 रुपए का आहार दिया जाता है। वहीं, एक घोड़े की तीमारदारी के लिए दो कर्मचारी तैनात होते हैं।
गर्मी से निजात दिलाने के लिए यहां हर अस्तबल में कूलर लगे हैं। इसके साथ ही घोड़ियों के गर्भधारण पर उन्हें पशु चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा जाता है। राष्ट्रपति के सुरक्षा दस्ते में इन्हीं घोड़ों को शामिल किया जाता है।
मरने के बाद समाधि
अश्व प्रजनन फार्म में रखे सभी घोड़े-घोड़ियों के नाम हैं, जो उनके अस्तबल के सामने वाले हिस्से में लिखे रहते हैं। इतना ही नहीं मरने के बाद इनकी बाकायदा समाधि बनाई जाती है, जिस पर उनका नाम, जन्म-तिथि और मृत्यु तिथि का जिक्र होता है।
लाजवाब खूबियां
स्टैलियन व हनोवेरियन नस्ल के ये घोड़े, शारीरिक रूप से मजबूत, बौद्धिक क्षमता में तेज, ऊंची कद-काठी और विशिष्ट चाल से सबका ध्यान आकृष्ट करते हैं तो रेसिंग व लांग जंप में भी ये लाजवाब हैं।