bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

4 घंटे की कवायद, नतीजा सिफर

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में चार घंटे तक कांग्रेस नेता कवायद करते रहे लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। बैठक में उम्मीदवारों के मापदंड तय नहीं हुए और न ही किसी का टिकट काटने का निर्णय हो सका।

अगली बैठक पंद्रह सितंबर को होगी। चुनाव समिति में प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने एकता का प्रदर्शन करने का प्रयास किया लेकिन अंत तक अपने-अपने पत्ते नहीं खोले। यहां कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह अधिकांश समय मुस्कराते रहे और नेताओं के सुझाव पर सहमति देते रहे। केंद्रीय मंत्री कमलनाथ के स्वर आज की बैठक में बदले-बदले नजर आए। केंद्रीय मंत्री कमलनाथ और केंद्रीय राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बीच एक मुद्दे पर हल्की बहस भी हुई।

सत्रह सदस्यीय कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक में शुक्रवार को केन्द्रीय मंत्री सर्वश्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांतिलाल भूरिया और पवन बंसल मौजूद थे। पूर्व मंत्री सतपाल महाराज, सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी, गुरुदास कामथ, पार्टी के प्रदेश प्रभारी नारायण सामी आदि भी उपस्थित थे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की तीसरी मंजिल पर हुई इस बैठक में कांग्रेस के नेता एक-दूसरे की थाह लेते रहे।

कांग्रेस सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी, एनपी प्रजापति और आरिफ अकील ने सुझाव दिया कि 20 से 25 हजार से हारे नेताओं को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए। जबकि श्री सिंधिया ने कहा कि अपनी भावनाओं पर अंकुश रखकर जीतने वाले उम्मीदवारों को ही टिकट दें।

वर्ष 1998, 2003 के चुनाव में जो हार गए थे उन्हें टिकट नहीं दिया जाए। कमलनाथ ने जोर दिया कि कांग्रेस टिकटों को अपनी एक्सरसाइज जारी रखे लेकिन गोगांपा, भाजश और बसपा के उम्मीदवारों पर भी नजर रखी जाए। नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी और शोभा ओझा ने प्रत्येक जिले में महिलाओं को एक-एक टिकट देने पर बल दिया। इसी प्रकार कांग्रेस महासचिव दिग्विजयसिंह ने उम्मीदवारों के बारे में बारीकी से परीक्षण करने की सलाह दी।

टिकटार्थियों का मजमा: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में टिकट के दावेदारों का मजमा लगा रहा। कार्यकत्र्ता बायोडाटा लिए चक्कर लगाते रहे। दोपहर बारह बजे से रात्रि सात बजे तक कार्यालय के चारों ओर चार पहिया वाहनों की कतार लगी रही। कांग्रेस कार्यकत्र्ता अपने नेता से मिलने के लिए परेशान रहे। कांग्रेस कार्यकत्र्ता प्रदीप शर्मा जुलूस के साथ कार्यालय पहुंचे और काफी देर उनके पक्ष में नारेबाजी हुई।

नए चेहरों को मौका

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की पहली बैठक में उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया,मापदंड ओर चुनावी रणनीति, एंथोनी कमेटी की सिफारिशों को लागू करने पर विचार करने के साथ ही एकमत रूप से यह मान लिया गया कि इस चुनाव में नए चेहरों को ज्यादा से ज्यादा मौका दिया जाए तथा जीतने वाले उम्मीदवारों को टिकट मिले।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति की बैठक के बाद केन्द्रीय मंत्री एवं मप्र प्रभारी वी.नारायण सामी, केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ और केन्द्रीय राज्य मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य भाजपा को पराजित करना और कांग्रेस की सरकार बनाना हैं। मुख्यमंत्री का निर्णय विधायक दल और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तय करेंगी। श्री सामी ने कहा कि एंथोनी कमेटी के सुझावों पर भी विचार कर रहे हैं। अभी तो प्रारंभिक चर्चा हो रही हैं,दो-तीन बैठकें ओर होगी।

उम्मीदवारों का निर्णय जल्द से जल्द करने का कार्य किया जा रहा हैं। कमलनाथ ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस मिलजुल कर लड़ेगी। किसी भी नेता ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर नहीं की हैं। श्री पचौरी ने कहा कि इस चुनाव में ज्यादा से ज्यादा नये चेहरों को मौका दिया जाएगा। चुनावी रणनीति पर भी विस्तार से बातचीत हुई हैं। छानबीन समिति के अध्यक्ष श्री मोइली पारिवारिक व्यस्तता की वजह से बैठक में शामिल नहीं हो पाये। श्री सिंधिया ने कहा कि हम सब कांग्रेस कार्यकत्र्ता हैं और हमारी प्राथमिकता राज्य में कांग्रेस की सरकार बनाना हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: