भोपाल. स्कूल शिक्षा मंत्री जगन्नाथ सिंह ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के बेहतर प्रचार-प्रसार और उसे अधिक से अधिक उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक है कि पढ़ाने के तरीके और प्रभावी बनाए जाएं। वे शुक्रवार को रवींद्र भवन में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में बोल रहे थे। समारोह में 25 शिक्षकों का सम्मान किया गया।
स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षकों को नई पीढ़ी को संवारने की भूमिका निभानी है, जिसके चलते उनकी जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का विस्तार हुआ है।
अब जरूरत इस बात की है कि इसका लाभ लेने वालों के दायरे का विस्तार भी किया जाए। स्कूल शिक्षा राज्यमंत्री पारस जैन ने कहा कि राज्य के स्कूलों में इस साल हायर सेकंडरी और हाई स्कूल परीक्षा के अच्छे नतीजों का श्रेय शिक्षकों को जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों का महत्व समझती है, इसीलिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिक्षक दिवस के अवसर पर दी जाने वाली सम्मान राशि 12 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दी है।
श्रद्धा और आदर के साथ मनाया शिक्षक दिवस
लायंस क्लब भोपाल ग्लोरियस द्वारा इस मौके पर ग्लोरियस एकेडमी स्कूल में 15 शिक्षकों का सम्मान किया गया। रतनपुर स्थित कार्मल कान्वेंट सीनियर सेकंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस के आयोजन की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन तथा गुरुवंदना के साथ की गई। इस मौके पर छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। नैन शिक्षा एवं जनकल्याण समिति ने नैन शिक्षा भारती माध्यमिक स्कूल में इस मौके पर शिक्षकों का सम्मान किया। संस्कृति फाउंडेशन स्कूल में नन्हें-मुन्ने विद्यार्थी अलग-अलग तरह की ड्रेस पहने हुए थे।
कॉलेजों में भी मनाया गया : मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष स्वाति सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों को पुष्प भेंट कर उनका सम्मान किया गया। मीना निकेतन शिक्षा महाविद्यालय में इस अवसर पर अंत्याक्षरी, एक मिनट शो एवं निबंध लेखन आयोजित किए गए। मल्होत्रा कॉलेज आफ फार्मेसी में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को उपहार दिए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए।
शिक्षक दिवस आयोजन
माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय में इस मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में कुलपति अच्युतानंद मिश्र ने विद्यार्थियों को गुरु की महिमा बताई। विवि के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष पुष्पेंद्र पाल सिंह ने भी इस मौके पर विचार व्यक्त किए। एलबीएस होम्योपैथिक मेडिकल कालेज में शिक्षक दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।