भोपाल.
भोपाल और इंदौर को आपस में वायरलैस फीडीलिटी (वाई-फाई) करने की पहल के बीच यह खतरनाक तथ्य सामने आया है कि भोपाल सहित अनेक स्थानों पर इसका इस्तेमाल करने वाले कई लोग परेशानियों का सामना कर रहे हैं। उन्हें अनाप-शनाप बिल सहित अन्य तरीकों से पैसे की चपत लग रही है। खासतौर पर असुरक्षित नेटवर्क के चलते अनजान लोगों द्वारा मेल का इस्तेमाल करने के मामले भी सामने आए हैं।
भोपाल में हाल ही में इस तरह के दो मामले सामने आए हैं। इनकी बीएसएनएल ने पुष्टि की है। एक मामले में वाई-फाई का उपयोग करने वाला एक उपभोक्ता उस समय सकते में आ गया जब उसे इस सेवा के बदले भारी-भरकम बिल थमा दिया गया।
उसका दावा था कि सेवा का इतना उपयोग ही नहीं किया गया। दूसरे मामले में भोपाल के उपभोक्ता के पासवर्ड से इंदौर में इंटरनेट एक्सेस किया जा रहा था और इसका पता ट्रेसिंग के बाद ही चल पाया। दोनों शिकायतें सही पाई र्गई और इसकी वजह असुरक्षित नेटवर्किग निकली।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक महेश शुक्ला स्वीकारते हैं कि वाई-फाई के कुछ मामले सामने आए हैं, जिसमें नेटवर्क में सुरक्षा नहीं होने से परेशानियां रहीं। उनका मानना है कि इसके लिए उपभोक्ता को जागरुक होकर नेटवर्किग करवानी होगी। जिससे आपके नेटवर्क का कोई गलत इस्तेमाल न कर सके। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि ओपन फॉर ऑल में भी आईडी यूजर और पासवर्ड का उपयोग होना चाहिए। बीएसएनएल के नेटवर्किग इंजीनियरों के अनुसार ओपन फॉर ऑल वाईफाई नेटवर्किग में अधिक खतरा होता है। इसके लिए उपभोक्ता को नेटवर्क की तकनीकी और सुरक्षात्मक जानकारियां होना चाहिए।
कहते हैं जानकार
आईटी जानकार बताते हैं कि 90 फीसदी वाई-फाई नेटवर्क असुरक्षित हैं। साथ ही पर्याप्त व्यवस्थाओं के अभाव में इसके गलत इस्तेमाल की गुंजाइश बढ़ जाती है। दरअसल अंजान लोगों द्वारा नेटवर्क का गलत इस्तेमाल भी लोगों को बड़ी दिक्कत में डाल सकता है। हाल ही में अहमदाबाद में हुए बम धमाकों के पहले भेजे गए धमकी भरे ई-मेल भी वाईफाई नेटवर्क के गलत इस्तेमाल के परिणाम हैं।
असुरक्षा के परिणाम
>> आपके नेटवर्क का उपयोग कर इंटरनेट पर किए गए किसी भी गलत काम के लिए आपको जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।
>> डाटा चोरी हो सकता है।
>> वायरस आ सकता है।
>> डिवाइस लॉक हो सकती है।
>> फाइल लॉक हो सकती है
>> बिना किसी भुगतान के आपके नेटवर्क का उपयोग होने पर बिल अधिक आने की परेशानी भी हो सकती है।
क्या है वाईफाई
वायरलैस फीडीलटी एक ऐसी सुविधा है, जिससे मोबाइल या कंप्यूटर की वाई-फाई युक्त डिवाइस पर बिना किसी केबल के इंटरनेट एक्सेस किया जा सकता है।
आईएसडी कॉल
असुरक्षित नेटवर्क का सहारा लेकर इंटरनेट से इंटरनेशनल कॉल किया जा सकता है। जिसमें यूजर पासवर्ड का उपयोग कर इस तरह से नेटवर्क का उपयोग महंगा साबित होता है।