bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

गैस एजेंसियों पर लगाम की तैयारी

जयपुर. कालाबाजारी और समय पर डिलीवरी नहीं देने की बढ़ती शिकायतों के कारण जिला रसद विभाग ने गैस एजेंसियों पर लगाम कसने की तैयारी कर ली है।

रसद विभाग ने शहर की तमाम गैस एजेंसियों पर सीधी नजर के लिए प्रवर्तन अधिकारियों व निरीक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। एक-एक प्रवर्तन अधिकारी को तीन-तीन गैस एजेंसियों पर निगरानी रखने के लिए कहा गया है, ताकि सर्दियों में रसोई गैस की संभावित किल्लत से निबटा जा सके।

गत वर्ष सर्दियों में शहर में रसोई गैस की व्यापक किल्लत हो गई थी, जिससे शिकायतों का अंबार लग गया था। कई एजेंसियों से सिलेंडरों की कालाबाजारी, बैकलॉग लगातार बढ़ने तथा समय पर डिलीवरी नहीं होने की शिकायतें न केवल विभाग को बल्कि कंपनियों को भी मिल रही थीं। इस बार ऐसी नौबत न आए, इसे देखते हुए विभाग ने एजेंसियों पर कड़ी निगरानी की व्यवस्था की है, जिससे उपभोक्ताओं को राहत दी जा सके।

15 सितंबर से लागू होगी व्यवस्था
रसद अधिकारी वी.पी. सिंह ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों से रसोई गैस सिलेंडरों के वितरण की व्यवस्था पर निगरानी रखने के लिए विभाग के तीन प्रवर्तन अधिकारी तथा 13 प्रवर्तन निरीक्षक तैनात रहेंगे। यह व्यवस्था 15 सितंबर से लागू की जाएगी।

शिकायतों का मौके पर ही होगा निबटारा
आम उपभोक्ता को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए प्रवर्तन अधिकारी व निरीक्षक एजेंसियों पर बुकिंग, टेलीफोन रिसीव नहीं करने की शिकायतों तथा बैकलॉग कम करने जैसे मामलों को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर निबटाएंगे। मौके पर उपभोक्ताओं की शिकायत का निराकरण करेंगे। शिकायतों के निराकरण की प्रतिदिन रिपोर्ट डीएसओ को देंगे।

कौन किस पर रखेगा नजर
प्रवर्तन निरीक्षक कुशाल बिलाला को आमेर गैस, शांति गैस व कल्याण गैस एजेंसी पर निगरानी का जिम्मा सौंपा है। निरीक्षक संदीप माथुर राजधानी गैस सर्विस, मणि एंटरप्राइजेज व विक्रम कृष्णा एजेंसी, ज्ञापप्रकाश शर्मा खंडेलवाल गैस, आशीष व हवामहल इंडेन गैस, मोहनलाल देव पार्वती गैस, नवीन गैस तथा कविता एंटरप्राइजेज की व्यवस्थाएं देखेंगे।

निरीक्षक सुरेंद्रसिंह को राठौड़ शिव गैस, शास्त्री नगर गैस व अशोक गैस सर्विस, राजेंद्र बूसर को अंबिका, राजेंद्र व निरंजन गैस सर्विस, सरोज मीणा को मोहन गैस, पंडित व गुलाब गैस एजेंसी, नवीनचंद्र गेमावत को कांकरिया गैस, असल दुर्ग व महालक्ष्मी गैस एजेंसी, महेंद्रसिंह नूनियां को पूरण, पुष्पा व आनंद गैस सर्विस, शिवप्रसाद रंजीका को उर्मिल गैस, शशि व तेज एंटरप्राइजेज, प्रेमलता शर्मा को सन्नी गैस व ओम गैस सर्विस तथा सुरेंद्र सिंह बारेठ को सांगानेर, सरस्वती, लक्ष्य इंडेन व के.एस. एंटरप्राइजेज की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इनके अतिरिक्त प्रवर्तन निरीक्षकों हरकेश मीणा को राजीव गैस, त्रिवेणी, सुषमा व मानसरोवर गैस एजेंसी, अरुण कुमार शर्मा को जयपुर गैस तथा भागचंद बैरवा को राजस्थान सहकारी क्रय विक्रय संघ पर निगरानी रखने को कहा गया है।

सीधे कर सकेंगे शिकायत
उपभोक्ता संबंधित एजेंसी पर तैनात किए अधिकारियों को सीधे उनके मोबाइल पर फोन कर गैस सिलेंडरों की सप्लाई व बुकिंग संबंधी शिकायतें बता सकेंगे। विभाग के दफ्तर में भी फोन कर सूचना दी जा सकेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: