जोधपुर.
जयपुर धमाकों के दो संदिग्ध युवकों को एसओजी की ओर से शुक्रवार सुबह हिरासत में लेने के विरोध में सैकड़ों लोगों ने सोजती गेट चौराहा जाम कर दिया। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों को छोड़ने की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन भी किया।
करीब तीन घंटे तक जाम लगाने के बाद भी यह नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा। इसके नाराज प्रदर्शनकारियों ने सोजती गेट पुलिस चौकी पर पथराव कर दिया। इससे भीतरी शहर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। कई इलाकों में बाजार बंद हो गए। उधर, पुलिस ने जवाबी पत्थर फेंक कर भीड़ को पीछे हटाया और धरपकड़ करते हुए करीब 50 जनों को हिरासत में लिया। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में फोर्स तैनात कर गश्त बढ़ा दी है।
सिमी से जुड़े होने के आरोप में पकड़ा : हिरासत में लिए गए दोनों युवक जोधपुर के ही रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक इनका संपर्क सिमी के प्रमुख साजिद मंसूरी, तौकीर व कमरुद्दीन नागौरी से रहा है।
चार को पकड़ा, दो को छोड़ा : एसओजी की टीम बुधवार को ही जोधपुर आ गई थी। शुक्रवार सुबह महावतों की मस्जिद एरिया में रहने वाले मोहम्मद सोहेल मोदी और मेड़ती सिलावटों का बास में रहने वाले आजम व तेलियों की मस्जिद निवासी मोहम्मद इमरान और भिस्तियों के मोहल्ले में रहने वाले मोहम्मद सईद को हिरासत में लिया।
सोहेल और आजम के संपर्क साजिद मंसूरी से बताए जा रहे हैं। जयपुर ब्लास्ट में भी इन दोनों की भूमिका संदिग्ध बनी हुई है। टीम ने चारों युवकों से पूछताछ की, उसके पश्चात सोहेल और आजम को जयपुर ले गई है।
जोधपुर आईजी राजीव दासोत ने बताया कि साजिद मंसूरी से पूछताछ में पता चला है कि वह कमरुद्दीन व तौकीर के साथ जोधपुर आता था। जोधपुर में सोहेल व आजम उनके संपर्क में रहते थे। इसीलिए एसओजी दोनों युवकों को जयपुर ले गई।