News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शुक्रवार को एसडीओपी शिवपुरी नीरज पाण्डेय मय दलबल के शहर में निकले। डेढ़ घंटे के पैदल मार्च में एसडीओपी व उनके मातहत पुलिसकर्मियों ने हर गली, बाजार और मार्ग पर दस्तक दी।
पहले दिन फुटपाथ पर अतिक्रमण कर सड़क घेरने वाले हाथठेला, स्टाल संचालक, सब्जी वाले, व्यवसायियों व वाहन मालिकों को चेताया गया। यदि वे अपनी आदत को नहीं सुधारेंगे तो शनिवार से सड़क घेरने वाले व्यक्ति की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बिगड़ी यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने का जिम्मा एसपी डीसी शर्मा ने एसडीओपी शिवपुरी नीरज पांडेय को दी है। इसके चलते ही वे शुक्रवार को अपराह्न् करीब दो बजे यातायात प्रभारी पीएम जैन और अन्य पुलिसकर्मियों को साथ लेकर सड़क पर निकले। उन्होंने डेढ़ घंटे तक शहर में पैदल मार्च किया। इसकी शुरूआत तात्याटोपे समाधि स्थल से हुई। एसडीओपी श्री पाण्डेय ने अस्पताल चौराहा, कोर्ट रोड, लखेरा गली, सदर बाजार, गांधी चौक, माधव चौक, बस स्टैंड समेत हर बाजार में दस्तक दी।
श्री पांडेय ने इन बाजारों में अपनी दुकान से बाहर सामान रखकर सड़क घेरने वाले व्यवसायियों, हाथठेला चालक, सब्जी विक्रेताओं, भारी वाहनों के मालिकों और फल-फ्रूट विक्रय करने वालों समेत मनिहारी का सामान बेचने वालों तक को सीधे शब्दों में समझाया। एसडीओपी ने साफ कहा कि उन सभी के पास केवल एक दिन का वक्त है। यदि शनिवार को कोई भी सामग्री सड़क पर रखी पाई गई तो उसे बगैर किसी सूचना के जब्त किया जाएगा।
श्री पांडेय ने बताया कि यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहर में भारी वाहनों का प्रवेश सुबह 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रतिबंधित किया गया है। इसके अलावा माधव चौक से अस्पताल चौराहा तक के मार्ग को एकांकी घोषित पूर्व में किया जा चुका है। इसका सख्ती से पालन कराया जाएगा।
इसके साथ ही रोजाना सुबह और शाम के समय वे पुलिस बल शहर के बाजारों में पैदल मार्च कर व्यवस्था बनाएगा। इस दौरान यदि किसी भी व्यवसायी की सामग्री दुकान के बाहर सड़क पर मिली तो उसे जब्त किया जाएगा।
इसके लिए नगरपालिका अमले से भी बात की गई है। एसडीओपी श्री पांडेय ने बताया कि यातायात व्यवस्था के सुधार के लिए आमजन से भी सुझाव मांगे गए हैं, लेकिन नियमों का उल्लंघन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अतिक्रमण से मुक्त होंगे पार्किग जोन
एसडीओपी नीरज पांडेय ने बताया कि कोर्ट रोड, बस स्टैंड समेत अन्य बाजारों में स्थित पार्किग जोन अतिक्रमण का शिकार हो गए हैं। नगरपालिका अमले को तैयार कर इन सभी पार्किग जोन को अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा और वाहनों के बढ़ते दवाब को देखते हुए नए पार्किग जोन भी तैयार करने पर विचार किया जाएगा, ताकि वाहनों का दवाब मुख्य व व्यस्ततम बाजारों से कम हो और पार्किग जोन में ही वाहन रखे जाएं।