News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. उत्तर प्रदेश की तरह मध्यप्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग नहीं चल पाएगी। जहां तक सवाल विंध्य क्षेत्र का है तो वहां बसपा को एक भी सीट नहीं मिलेगी। शुक्रवार को सर्किट हाउस में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मेहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने खबरनवीसों से रूबरू होते समय यह बात कही।
आगामी विधानसभा चुनाव में सपा के मप्र में प्रदर्शन के बारे में श्री त्रिपाठी ने कहा कि सपा के सहयोग के बिना किसी भी दल की सरकार नहीं बनेगी। मप्र में सपा सभी 230 सीटों पर पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ेगी। जहां तक सवाल शिवपुरी जिले का है, सपा यहां की पोहरी, करैरा और शिवपुरी विधानसभा जीतने की स्थिति में हैं।
श्री त्रिपाठी ने यह भी साफ किया कि मप्र में सपा उनके ही नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी और यदि स्पष्ट बहुमत मिला तो वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे। उप्र में समाजवादी पार्टी के सत्ता से बाहर होने के सवाल पर सपा अध्यक्ष का कहना था कि वहां हमारी सीटें भले ही कम हुईं, लेकिन उपलब्धि यह रही कि दो फीसदी वोट बैंक भी बढ़ा।
उन्होंने उप्र में बसपा की सोशल इंजीनियरिंग को एक हादसा करार देते हुए कहा कि अब वहां के लोग सोशल इंजीनियरिंग पर पश्चाताप कर रहे हैं। सपा सांसद एसपीएस बघेल के पार्टी छोड़कर बसपा में शामिल होने के प्रश्न पर श्री त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने ऐसा तात्कालिक लाभ के लिए किया है। इस अवसर पर सपा के प्रदेश पदाधिकारी जसवंत सिंह यादव भी उपस्थित थे।