bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

टेंडर भरवाने पहुंचे मंत्री

रायपुर. प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 1400 करोड़ के टेंडर को लेकर राजधानी में शुक्रवार को दिनभर गहमागहमी रही।

ठेकेदारों ने टेंडर नहीं भरने का ऐलान किया था। आज दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक वे अपनी घोषणा पर अडिग थे, लेकिन कुछ देर बाद बाजी ऐसी पलटी कि उनकी एकता तार-तार हो गई। निविदा का बहिष्कार करने पहुंचे राज्य के ज्यादातर ठेकेदार टेंडर भरकर गए। उनके लौटने के बाद युवक कांग्रेस ने इस दफ्तर में जमकर हंगामा मचाया।

राजभवन के पिछवाड़े पर स्थित प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना का कार्यालय छावनी में तब्दील था। यहां प्रदेशभर में सड़क बनवाने टेंडर होना था। 200 से अधिक ठेकेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। फार्म तो सभी ने खरीद लिए पर उसे जमा करने से इंकार कर दिया। वे मटेरियल के रेट बढ़ने के कारण टेंडर रेट में वृद्धि करने शासन पर दबाव बना रहे हैं।

फार्म जमा न होने की खबर मिलते ही पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने ठेकेदारों को प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की लेकिन ठेकेदार नहीं माने। आखिरकार श्री चंद्राकर दफ्तर के बाहर कुर्सी लगाकर बैठ गए। श्री चंद्राकर का इशारा मिलते ही भाजपा समर्थित कुछ ठेकेदार फार्म जमा करने आगे आए। बाकी ठेकेदारों ने विरोध करना चाहा पर कड़ी सुरक्षा के कारण वे सफल नहीं हुए। देखते ही देखते ठेकेदारों की एकता बिखर गई और बारी-बारी सभी ने फार्म जमा करा दिए।

युवक कांग्रेसियों का हंगामा : पंचायत मंत्री के वहां से रवाना होते ही युवक कांग्रेसी पहुंचे और टेंडर निरस्त करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदेश युकां अध्यक्ष योगेश तिवारी के मुताबिक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करोड़ों का टेंडर हुआ। ठेकेदारों ने करीब 1800 फार्म दो करोड़ में खरीदे। पंचायत मंत्री व अफसरों ने ठेकेदारों की समस्या तक नहीं सुनी।

टेंडर के लिए नहीं गया : चंद्राकर
पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि वे शासकीय कार्य से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के दफ्तर गए थे। कोई भी मंत्री टेंडर भरवाने नहीं जाता। युवक कांग्रेस के लोग बेवजह हंगामा कर रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: