News
International International लंदन
ब्रिटेन के युवाओं से पूछा गया कि वे भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो हर तीसरा युवा संगीत की तरफ जाने के लिए आतुर दिखा। वहीं 70 फीसदी ब्रिटिश युवा पारंपरिक पेशे के बजाय सेलिब्रिटी लाइफ स्टाइल को अपनाना चाहते हैं।
एलियंस एंड लीसेस्टर बैंक की ओर से 16 से 21 की उम्र के लोगों के बीच किए गए सर्वे में ब्रिटेन के 32 फीसदी युवाओं ने बताया कि वे या तो संगीतकार बनना चाहते हैं, या फिर सिंगर के तौर पर किसी बैंड से जुड़ना चाहते हैं।
रुटीन लाइफ को नापसंद करने वाले 14 फीसदी युवा बतौर सेलिब्रिटी अपना जीवन गुजारना चाहते हैं और 24 फीसदी युवा टीवी और अन्य मीडिया जॉब्स में कॅरियर बनाना चाहते हैं। ये 70 फीसदी युवा डॉक्टर, वकील और शिक्षक जैसे पेशों को उनकी रुटीन लाइफ के कारण नापसंद करते हैं।
वहीं अब भी 20 फीसदी ब्रिटिश युवा शिक्षक, डॉक्टर और वकील के तौर पर खुद को स्थापित करना चाहते हैं। यानी एक तिहाई युवा पारंपरिक पेशों की ओर ही जाना चाहते हैं, जो उन्हें मौजूदा समय में अधिक विश्वसनीय लगते हैं।
ताकत करती है आकर्षित
सर्वे कराने वाले बैंक के प्रवक्ता एंडी मूडिमर कहते हैं, ‘सर्वे के अध्ययन से निकले नतीजे बताते हैं कि इस समय अधिकांश युवा सेलिब्रिटी की हर क्षेत्र में बढ़ी ताकत से प्रभावित हैं और यही कारण है कि वे उनके जैसा बनना चाहते हैं।’ वे बताते हैं, ‘तीस साल पहले अभिनेताओं व गायकों के प्रति दीवानगी तो थी, लेकिन उनके जैसा बनने की ललक कम लोगों में होती थी, क्योंकि वैसा बनने के लिए सबकुछ दांव पर लगाना होता था। आज स्थितियां आसान हैं और युवाओं को लगता है कि उन्हें इसके लिए मेहनत नहीं करनी होगी।’
सर्वे टीम के प्रमुख प्रो. टॉम हैक्सिन कहते हैं, ‘ज्यादातर युवाओं में आत्मविश्वास है और वे अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार भी हैं। सर्वे में शामिल 75 फीसदी से ज्यादा युवा जो बनना चाहते हैं उसके बारे में उनकी पूरी तैयारी है और ये अपनी मंजिल की ओर बढ़ चुके हैं।’ वे कहते हैं, ‘इस आधार पर हम कह सकते हैं कि ब्रिटेन का युवा जो पाना चाहता है, उसके प्रति उसके दिमाग में किसी तरह का कन्फ्यूजन नहीं है। उनका लक्ष्य एकदम साफ है।’
1. संगीत
सबसे ज्यादा 32 फीसदी युवा संगीतकार या गायक बनना चाहते हैं या फिर किसी म्यूजिक बैंड के साथ जुड़कर अपना कॅरियर संवारना चाहते हैं। इसकी एक बड़ी वजह वे रुटीन लाइफ से निजात के अलावा लगातार नया करने की प्रेरणा बताते हैं।
2. टीवी-मीडिया
बीते 30 सालों में टेलीविजन और मीडिया ने ब्रिटेन की लाइफ स्टाइल को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। युवाओं को लगता है कि वे इस क्षेत्र में अपना बेहतरीन इस्तेमाल कर पाएंगे और यह उनकी रचनात्मकता के लिए सबसे मुफीद और बेहतर जगह है।
3. सेलिब्रिटी
राजनीति से लेकर खेल व मीडिया और बाजार तक बढ़ती सेलिब्रिटी की ताकत युवाओं को उनकी ओर आकर्षित करती है। उनकी समस्याओं से भी युवा अनजान नहीं है, लेकिन वे मानते हैं कि उनके पास सेलिब्रिटी लाइफ का लुत्फ उठाने की कला है।
4. फैशन डिजाइनर
यह एक ऐसा प्रोफेशन है, जिसे ब्रिटेन के युवाओं ने बीते डेढ़ दशक में पसंद किया और अब वे इसके प्रति गंभीर हैं। दिलचस्प यह है कि इस प्रोफेशन में आने वाले ज्यादातर युवा अकेले काम करना पसंद करते हैं। यानी, उनके अनुसार यह टीम वर्क नहीं है।
5. शिक्षकशिक्षकों की संख्या कम होने के बावजूद वे निराश नहीं है और उन्हें अकादमिक कार्य ही सबसे जरूरी लगता है। वे मानते हैं कि हम दूसरों को क्या देकर जाएंगे, यह ज्यादा जरूरी है। वे जीवन का भरपूर लुत्फ उठाना चाहते हैं, पर अपनी हरेक जिम्मेदारी निभाते हुए।
6. डॉक्टर
वे ब्रिटेन में गिरते स्वास्थ्य से चिंतित हैं और एक मजबूत व ताकतवर दुनिया बनाने में खुद की भूमिका के प्रति सचेत हैं। उन्हें लगता है कि लोग स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह हो रहे हैं और उन्हें अपने समय का एक हिस्सा शरीर की देखभाल के लिए देना चाहिए।
7. वकील
वे जानते हैं कि उन्हें किसका पक्ष लेना है। सिर्फ पैसा कमाना उनका उद्देश्य नहीं है, बल्कि वे देखना चाहते हैं कि समाज का अपराध और अपराधियों के साथ क्या रिश्ता है। इस पेशे में आने वाले युवाओं की दिलचस्पी अपराध के कारणों की पड़ताल में भी है।
8. सेना
वे देश को सबसे जरूरी मानते हैं और दुश्मनों के खिलाफ पहला मोर्चा वे ही लेना चाहते हैं। उनके अनुसार, बाकी लोग चैन से रह सकें,इसके लिए किसी-न-किसी को तो आगे आना ही होगा। दीगर बात है कि इसके बावजूद ब्रिटेन में 32 फीसदी सैन्य पद रिक्त हैं।
9. पत्रकार
वे देश को सबसे जरूरी मानते हैं और दुश्मनों के खिलाफ पहला मोर्चा वे ही लेना चाहते हैं। उनके अनुसार, बाकी लोग चैन से रह सकें,इसके लिए किसी-न-किसी को तो आगे आना ही होगा। दीगर बात है कि इसके बावजूद ब्रिटेन में 32 फीसदी सैन्य पद रिक्त हैं।
10. खेल
उनकी एक अलग दुनिया है। वे लोगों का मनोरंजन करना चाहते हैं और यह भी जानते हैं कि उन्हें किस तरह आगे बढ़ना है। अपने हुनर को विकसित करने के लिए ये युवा काफी पहले से तैयारी कर रहे हैं और उन्हें अपनी मंजिल साफ-साफ दिखाई देती है।