क्रिकेट जैसे जेंटलमैन गेम को कुछ लोगों की हरकतों के कारण क्षति पहुंच रही है।चाहे शोएब अख्तर हो या एंड्रयू सायमंड्स ये सभी अनुशासन को परे रखने में अग्रणी हैं। ताजा उदाहरण एंड्रयू सायमंड्स का है। उनसे पहले शोएब अख्तर, शाहिद अफरीदी, सैम्युअल्स और श्रीसंथ ने शालीनता को खंडित किया था। हाल के दिनों में क्रिकेट की छवि को दागदार बनाने वाले नए बैड बॉयज ये हैं-
वे चले मछली मारने :
ऑस्ट्रेलिया के सायमंड्स बांग्लादेश सीरीज शुरू होने से पहले टीम की आवश्यक बैठक में शामिल होने की जगह मछली मारने चले गए। इस अनुशासन हीनता के लिए उन्हें सीरीज के शेष मैचों के लिए टीम से हटा दिया गया। कैरेबियाई सीरीज और भारत के साथ हुई पिछली टेस्ट सीरीज के दौरान भी सायमंड्स कई बार विवादों में घिरे।
ट्रेस्कोथिक का धमाका : इंग्लैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक ने अपनी किताब ‘कमिंग बैक टू मी’ में यह खुलासा कर कि 2005 की एशेज जीत के लिए वे और उनके साथियों ने मिंट टॉफी की लार का उपयोग किया, जिससे कि गेंद की चमक और रिवर्स स्विंग कराने में तेज गेंदबाजों को मदद मिले। ट्रेस्कोथिक के इस खुलासे नेएशेज जीत की चमक को न सिर्फ फीका किया, बल्कि इंग्लैंड में कम होती क्रिकेट की लोकप्रियता को और पीछे धकेल दिया।
भज्जी ने जड़ा थप्पड़ :
आईपीएल के दौरान मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान हरभजन सिंह ने भारतीय टीम के अपने साथी तेज गेंदबाज श्रीसंथ को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में मैच के बाद थप्पड़ मार दिया। अब तक फुटबॉल और रग्बी के मैदान से ही इस तरह के मार-पीट और धक्का-मुक्की की खबरें आती थीं। क्रिकेट में ऐसी हरकत करने वाले हरभजन संभवत: पहले क्रिकेटर हैं। हालांकि, बीसीसीआई ने इसके लिए हरभजन को दंडित भी किया। पर, भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति नहीं होगी, इसकी कोई गांरटी नहीं दे सकता।
आसिफ का विवादों से रिश्ता:
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ और विवाद के बीच चोली-दामन का साथ है। भारत में हुई चैंपियंस ट्रॉफी से पहले वे डोप टेस्ट में पॉजीटिव पाए जाने पर उन्हें देश वापस भेज दिया गया। बाद में इस पूरे मामले में लीपा-पोती कर उन्हें विश्व कप की टीम में जगह दी गई। आईपीएल के दौरान हुए डोप टेस्ट में फिर प्रतिबंधित दवा के सेवन के दोषी पाए गए।
आईपीएल खेलकर लौटते वक्त उन्हें प्रतिबंधित पदार्थ अपने पास रखने के कारण दुबई में 19 दिन हिरासत में बिताने पड़े। पाकिस्तान के इस क्रिकेटर ने हाल के दिनों में अपनी करतूतों से अपने देश और क्रिकेट की दुनिया को कई बार शर्मसार किया है।