भोपाल. किलोल पार्क के पास जगदीश मंदिर परिसर में धरना दे रहे संतों एवं पुजारियों द्वारा शनिवार को गिरफ्तारी देने की चेतावनी रंग लाई।
शनिवार को सांसद सत्यनारायण जटिया एवं धर्मस्व मंत्री कमल पटेल पुजारी उत्थान एवं कल्याण समिति के बैनर तले धरना दे रहे संतों के पास पहुंचे और संतों को मनाया। सरकार के उदासीन रवैए से नाराज संत तभी माने जब श्री पटेल ने उनकी दो सूत्रीय मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने संतों से कहा कि 15 सितंबर से पहले वे चर्चा कर आदेश जारी कराएंगे।
समिति अध्यक्ष संत मंगल भारती एवं महंत चंद्रमादास त्यागी ने कहा कि 15 सितंबर तक आदेश जारी नहीं हुए तो संत-पुजारी उग्र आंदोलन करेंगे। संतों की मांग है कि प्रदेश के मठ-मंदिरों के पुजारियों के नाम राजस्व रिकार्ड में दर्ज किए जाएं।
महंत चंद्रमादास त्यागी ने बताया कि मंत्री ने आदेश जारी करने का आश्वासन दिया है। पहले राज्य सरकार ने मंदिरों की भूमि नीलामी रोकने के लिए मई 2009 तक के आदेश जारी किए थे, जिसको लेकर संतों में नाराजगी है।