भोपाल. प्रदेश के कॉलेजों में खाली हुई सीटों पर 25 सितंबर तक प्रवेश दिया जा सकेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने खाली सीटें 25 सितंबर तक भरे जाने के निर्देश दिए हैं।
ऐसा तकनीकी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले छात्रों के चले जाने से खाली सीटों को भरने के लिए किया गया है। पीईटी की काउंसिलिंग 25 सितंबर तक होने की वजह से तब तक प्रवेश दिए जाने की यह व्यवस्था दी गई है। तकनीकी कॉलेजों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से सामान्य पाठ्यक्रमों के कालेजों में सीटें खाली होने लगी हैं।
काउंसिलिंग देर से शुरू होने की वजह से कई तकनीकी पात्र छात्रों ने साल खराब होने की आशंका से डिग्री कॉलेजों में प्रवेश ले लिया था। अब बीई में प्रवेश मिल जाने से ऐसे कई छात्र डिग्री कालेजों की सीट छोड़ रहे हैं। उच्च शिक्षा विभाग ने ऐसी खाली सीटों को भरने के लिए प्रवेश देने की अनुमती दे दी है।
उच्च शिक्षा विभाग ने सेमेस्टर सिस्टम का शैक्षणिक कैलेंडर शुरू हो जाने की वजह से बाद में प्रवेश लिए छात्रों की पढ़ाई पूरी करवाने के लिए भी निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी प्राचार्र्यो को कहा गया है कि बाद में प्रवेश ले रहे छात्रों के अगस्त माह के आंतरिक मूल्यांकन को पूरा करने के लिए सितंबर में विशेष आंतरिक मूल्यांकन कार्यक्रम रखा जाए, जिससे ऐसे सभी छात्र अन्य छात्रों की बराबरी में आ सकें।
पूरी की जाएगी विद्यार्थियों की उपस्थिति
देरी से प्रवेश लेने वाले छात्रों की 75 प्रतिशत उपस्थिति पूरी करने अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। यह कक्षाएं 15 सितंबर से शुरू होंगी। सेमेस्टर के अध्यापन दिवसों में कक्षाएं लगाकर विद्यार्थियों को पिछड़ा हुआ पाठ्यक्रम पूरा करवाया जाएगा।
उच्च शिक्षा आयुक्त ने अतिरिक्त कक्षाओं के कार्यक्रम की जांच कलेक्टर से करवाए जाने के निर्देश दिए हैं, जिससे किसी भी विद्यार्थी को अनाधिकृत रूप से 75 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने के बावजूद परीक्षा में शामिल नहीं किया जा सकेगा।