भोपाल. माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध स्कूलों में इस साल से बदले अंग्रेजी के नए कोर्स का शिक्षकों को आठ से 13 सितंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए शिवाजी नगर स्थित एक्सीलेंस स्कूल का चयन किया गया है।
यहां राज्य के प्रत्येक जिले से कुल 96 शिक्षक प्रशिक्षण लेंगे। इसी दिन से इंदौर में संस्कृत के शिक्षकों का प्रशिक्षण शुरू होने जा रहा है। राज्य स्तरीय इस प्रशिक्षण के लिए राज्य शिक्षा केंद्र, लोक शिक्षण संचालनालय और माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मिलकर प्रयास किए हैं। प्रशिक्षण सामग्री राज्य शिक्षा केंद्र के आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान ने तैयार की है। उसके विशेषज्ञों सहित कुछ कॉलेज के शिक्षक प्रशिक्षण देंगे।
जानकारी के अनुसार इसमें प्रदेश के प्रत्येक जिले से हायर सेकंडरी तथा हाईस्कूल के एक-एक शिक्षक को बुलाया गया है। प्रशिक्षण के बाद उन्हें मास्टर ट्रेनर कहा जाएगा। बाद में वे अपने-अपने जिले में जाकर अंग्रेजी के सभी शिक्षकों को नए कोर्स का प्रशिक्षण देंगे। 13 सितंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में हर दिन अनिवार्य रूप से कम से कम चार प्रशिक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे।
आठ तारीख से ही इंदौर में संस्कृत के नए कोर्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह काम वहां के संस्कृत शोध संस्थान की मदद से होगा। दोनों प्रशिक्षण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एवं एक्सीलेंस स्कूल के प्राचार्य को उत्तरदायित्व सौंपा गया है।