bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

‘..तो मेयर हाउस में आग लगा देंगे’

इंदौर. नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था को लेकर मजदूर संघों से हुई चर्चा में महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा और सफाई मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष जटाशंकर करोसिया के बीच विवाद हो गया।

श्री करोसिया ने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था निजी हाथों में दी तो हजारों कामगार बेरोजगार हो जाएंगे। यदि ऐसा किया तो मेयर हाउस में आग लगा देंगे। हालांकि बाद में ‘भास्कर’ से चर्चा में उन्होंने ऐसी बात कहने से इंकार किया।

महापौर ने बुधवार सुबह 10 बजे श्री करोसिया, कामगार संघ के महेश गौहर और कर्मचारी कामगार यूनियन के प्रताप करोसिया को महापौर निवास पर चर्चा के लिए बुलाया था। चर्चा के दौरान निगमायुक्त नीरज मंडलोई और निगम स्वास्थ्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर भी मौजूद थे।

महापौर ने प्रतिनिधियों को समझाया कि सफाई व्यवस्था निजी हाथों में देने से पहले संबंधित कंपनी से इसका अनुबंध किया जाएगा कि वर्तमान सफाईकर्मी यथावत रहें और उनका रोजगार न छिने।

महापौर ने कहा कंपनी से यह भी कहेंगे कि सफाई व्यवस्था में वाल्मीकि समाज के लोग लगाएं। इस तर्क के बाद कामगार संघ और कर्मचारी कामगार यूनियन के प्रतिनिधि तो महापौर के प्रस्ताव से सहमत हो गए लेकिन श्री करोसिया नहीं माने। उनका कहना था हम ठेके के खिलाफ हैं और इससे समाज के छह हजार लोग बेगार हो जाएंगे। महापौर ने श्री करोसिया से कहा बढ़ती जरूरतों के मद्देनजर शहर में संसाधन बढ़ाना जरूरी है लेकिन वे अंत तक नहीं माने और सहमति पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए।

आमने-सामने >>>

मैंने ऐसा नहीं कहा
मैंने महापौर से कहा था आप कामगारों के भविष्य में आग लगा रहे हैं। महानगरों में कामगारों को पानी-बिजली का बिल माफ रहता है लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं है। पहले भी सफाई व्यवस्था निजी हाथों में देने की कोशिश हुई थी तब मेयर हाउस में तोड़फोड़ हुई थी। कहीं आपके कारण दोबारा ऐसी नौबत न आए। महापौर हाउस में आग लगाने जैसी बात मैंने नहीं कही।
- जटाशंकर करोसिया, अध्यक्ष, सफाई मजदूर कांग्रेस

घर जलाने की बात कही
सफाई व्यवस्था को लेकर करीब 15 प्रतिनिधि आए थे। उन्होंने अपनी बातें रखी। प्रतिनिधियों का कहना था हमारे लोग प्रभावित नहीं होना चाहिए। उनका पक्ष वाजिब है। मैंने उन्हें सभी बातें लिखकर देने को कहा है जिन्हें अनुबंध में शामिल किया जाएगा। किसी एक के तैयार होने से फर्क नहीं पड़ता। यह सही है कि एक प्रतिनिधि ने महापौर निवास जलाने की बात कही थी।
- डॉ. उमाशशि शर्मा, महापौर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: