News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. शिरोमणी अकाली दल (बादल) चंडीगढ़ ने हरियाणा के लिए अलग एसजीपीसी की मांग की मुखालफत करते हुए सेक्टर-17 प्लाजा में रोष मार्च निकाला।
इन लोगों ने हाथों में तख्तियां उठा रखी थीं जिन पर लिखा था गुरुद्वारों में दखलंदाजी नहीं चलेगी। हरियाणा में अलग एसजीपीसी का विरोध करते हुए चंडीगढ़ की पूर्व मेयर बीबी हरजिंदर कौर ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सिखों को बांटने का काम कर रहे हैं। इसके पीछे उन्होंने हुड्डा को ही जिम्मेदार ठहराया। चेतावनी देते हुए हरजिंदर कौर ने कहा कि एसजीपीसी को बचाने के लिए सिख कुर्बानी देने से पीछे नहीं हटेंगे।
एसजीपीसी के पूर्व सदस्य अमरिंदर सिंह ने कहा कि हुड्डा इस मामले में निष्पक्ष भूमिका अदा करें। ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह काहलों ने कहा कि सिख वोटों के लिए हरियाणा कांग्रेस कुछ सिखों को अलग एसजीपीसी के मुद्दे पर भड़काना बंद करे। इस तरह से हरियाणा में कांग्रेस सिख वोट नहीं बटोर सकती।
शिरोमणी अकाली दल ने इस संबंध में भूपिंदर सिंह हुड्डा को एक मांग पत्र भी दिया। जिसमें लिखा है कि बहुत कुर्बानियों के बाद एसजीपीसी संस्था वर्ष 1925 में बनाई गई थी। वर्ष 1959 पंडित जवाहर लाल नेहरू और मास्टर तारा सिंह के बीच समझौता हुआ था कि एसजीपीसी के दो-तिहाई सदस्यों की मर्जी के बिना संस्था में कोई परिवर्तन नहीं होगा।
इस आधार पर अलग एसजीपीसी मांग नहीं की जा सकती। रोष मार्च में शामिल होने वालों में एन.एस. मिन्हास, गुरजोत सिंह साहनी, कुलदीप सिंह काहलों, मेहर सिंह और रविंदर सिंह आदि थे।
बैठक आज, भावी आंदोलन की रूपरेखा होगी तैयार
करनाल. अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग कर रहे हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की आज होने वाली सिख कॉन्फ्रेंस में टकराव के आसार हैं। बैठक में भावी आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगाी। एचएसजीपीसी के प्रधान जगदीश सिंह झिंडा भी खुलकर कांग्रेस सरकार के विरोध में उतर आए हैं।
उनका कहना है कि पिछले चालीस वर्षो से एसजीपीसी ने गुरुद्वारों पर नाजायज कब्जा जमाया हुआ है और अब कांग्रेस भी अपने वादे से पीछे हट रही है। उधर, अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का विरोध कर रही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के राज्य के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट रघुजीत सिंह विर्क ने रविवार को होने वाली कॉन्फ्रेंस को झूठ का पुलिंदा करार दिया। विर्क का कहना है कि अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की मांग कर रहे एचएसजीपीसी लोगों से पर्ची काटकर फंड एकत्रित करने में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि उनसे पूछा जाए कि क्या वे गुरता साहिब के 300 साला समारोह के लिए फंड एकत्रित कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर एचएसजीपीसी के वाइस प्रेसीडेंट नवाब सिंह सिंघड़ा ने दावा किया रविवार को होने वाली कॉन्फेंस के लिए तैयारियां पूरे उफान पर है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा पंजाब के मुख्यमंत्री के प्रकाश सिंह बादल के लोग राज्य के सिखों का गुमराह कर रहे हैं ताकि वे कॉन्फ्रेस में न जा सके। सिंघड़ा ने विर्क के पर्ची के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि लोग अपनी श्रद्धा से कान्फ्रेंस के लिए सहयोग कर रहे हैं। उनका कहना था कि अंबाला, पानीपत, कुरुक्षेत्र के ट्रांसपोर्टर बस सेवा मुहैया करवा रहे हैं। सिंघड़ा ने बतया कॉन्फ्रेस के लिए गुरुद्वारे में टेंट आदि लगाया जा रहा है। लंगर की तैयारी की जा रही है। सुबह गुरु महाराज की अरदास के बाद 11 बजे कॉन्फ्रेंस शुरु होगी।
भीड़ जुटाने के लिए बैठक हुई
इंद्री. गुरुद्वारा गुरु तेज्ञ बहादुर सिंह गुढ़ा में रविवार को होने वाली कॉन्फ्रेंस के लिए बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अमरजीत सिंह गुढ़ा ने की। गुढ़ा ने कहा कि हमे अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कॉन्फ्रेंस में पहुंचना होगा। इस अवसर पर जसविंद्र सिंह, हरबंस सिंह, कुलदीप सिंह, निशान सिंह, रणजीत सिंह, बंटी ढूंगरा, बलबीर सिंह आदि ने अपने विचार रखे।