उदयपुर. रमजान में मक्का की यात्रा कराने वाले एजेंट खलील अहमद ने शनिवार को दिल्ली में अटके 165 यात्रियों के सामने समर्पण कर दिया। यात्रियों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। एजेंट सभी यात्रियों को दिल्ली बुलाकर उनके पासपोर्ट और वीजा सहित दो करोड़ रुपए लेकर फरार हो गया था।
दिल्ली में अटके यात्री तीन दिनों से लगातार एजेंट खलील अहमद को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे। यात्रियों ने पुलिस की मदद से जोधपुर स्थित उसके निवास , अन्य ठिकानों व मिलने-जुलने वालों से संपर्क साध रखा है। इनमें उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर, जयपुर व अन्य शहरों के लोग हैं।
इसके मद्देनजर ही खलील अहमद ने दिल्ली में हज हाउस के निकट बच्चघर में यात्रियों के सामने समर्पण किया और मक्का भेजने के लिए उनसे पंद्रह-पंद्रह हजार रुपए और देने की मांग की। यात्रियों ने उसको दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया। खलील अहमद ने यात्रियों के टिकट के लिए बीस लाख रुपए का चैक दिया हुआ है। सोमवार को उस चैक से भुगतान होने के बाद यात्री 9 सितंबर तक मक्का के लिए रवाना हो सकेंगे। चैक बाउंस होने पर उनकी यात्रा फिर टलने की आशंका है।
उदयपुर के अब्दुल हमीद ने बताया कि खलील अहमद ने शनिवार को समर्पण किया। इसके बाद भी वह सभी यात्रियों से पंद्रह-पंद्रह हजार रुपए की और मांग कर रहा है।
55 यात्रियों के पासपोर्ट वीजा गायब
राज्य के 165 में से 55 यात्रियों के पासपोर्ट वीजा अब भी नहीं मिले हैं। ये दस्तावेज खलील अहमद में बाकियात मांगने वाले एजेंट के पास पड़े हैं। यात्रियों ने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि खलील अहमद के बाकियात नहीं चुकाने तक वह दस्तावेज नहीं देगा।
एजेंट की लाखों की बाकियात
हर साल रमजान में इबादत के लिए लोगों को मक्का भेजने वाले एजेंट खलील अहमद की दिल्ली में लाखों की बाकियात है। उसने इस बार यात्रियों से ली राशि जमा कराई तो संबंधित कंपनी ने 45 लाख रुपए की पुरानी बाकियात वसूल कर ली। उसके अब भी करीब 20 लाख रुपए की बाकियात है। उसने यात्रियों से मदद की गुहार करते हुए 15-15 हजार रुपए और देने की मांग की है। यात्री इस असमंजस में फंसे हुए हैं कि वे पहले 65 हजार रुपए का भुगतान कर चुके हैं। यह राशि देने के बाद भी उनके मक्का पहुंचने की संभावना नहीं लग रही है।