उदयपुर. उदयपुर-ग्वालियर एक्सप्रेस का इंजन शनिवार रात को देबारी टनल में फेल हो गया, जिससे यात्री घबरा गए। इंजन चालक ने बमुश्किल गाड़ी को देबारी स्टेशन तक पहुंचाया। नया इंजन आने पर गाड़ी रवाना हो सकी।
अपने निर्धारित समय से पांच मिनट देरी से रात 10.25 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन से रवाना हुई उदयपुर-ग्वालियर एक्सप्रेस का इंजन देबारी टनल में फेल हो गया। जोरदार आवाज के साथ इंजन से धुआं निकला जो टनल में चारों ओर फैल गया।
गाड़ी के डिब्बों में डीजल की बदबू वाला धुआं जाने से यात्रियों का जी मिचलाने लगा। खिड़की दरवाजे बंद करने से पहले ही कई डिब्बों में इतना धुआं हो गया कि यात्री एक दूसरे को नहीं देख पा रहे थे। इंजन के लोड नहीं लेने के कारण गाड़ी की रफ्तार काफी धीमी हो गई।
टनल पार करने और देबारी स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों ने खुली हवा में सांस ली। स्टेशन पर रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों को इंजन को दुरस्त करने का काम शुरू किया। इस बीच उदयपुर से दूसरा इंजन मंगवाया गया। इसके एक घंटा बाद गाड़ी रवाना हो सकी। इंजन चालक जगदीश ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण इंजन धुआं ज्यादा दे रहा था और लोड भी नहीं ले रहा था।
एक दिन पहले भी खराब हुआ था इंजन
उदयपुर ग्वालियर एक्सप्रेस का शुक्रवार रात को भी इंजन खराब हो गया था। इस कारण यह गाड़ी करीब एक घंटा देरी से रवाना हुई थी। इंजन को दुरस्त करने के बाद शनिवार को रवाना किया गया था जो फिर फेल हो गया।