आजमगढ़. उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से भाजपा के सांसद योगी आदित्यनाथ के काफिले पर आजमगढ़ में हुए हमले के बाद जबरदस्त हिंसा भड़क उठी। प्राप्त जानकारी के अनुसार सांसद योगी आदित्यनाथ एकदम सुरक्षित हैं लेकिन इसके बाद भड़की हिंसा में एक आदमी को मौत हो गई है।
आतंकवाद विरोधी परिचर्चा में भाग लेने जा रहे थे
बताया जाता है कि हिंदू वाहिनी के अध्यक्ष और भाजपा सांसद महंत आदित्यनाथ आजमगढ़ जिले के तकिया में एक आतंकवाद विरोधी परिचर्चा में भाग लेने के लिए जा रहे थे। कुछ उपद्रवी तत्वों ने इसी बीच उनके काफिले पर हमला कर दिया और दोनों तरफ से फायरिंग भी हुई है। सांसद महंत आदित्यनाथ के 16 गाड़ियांे के काफिले पर जमकर पत्थर भी फेंके गए है जिससे कई लोगों के घायल होने का समाचार है।
स्थिति तनावपूर्ण
इस घटना के बाद पूरे आजमगढ़ जिले में स्थिति तनावपूर्ण हो गई है और पुलिस महकमें के वरिष्ठ अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच चुके है। घायल व्यक्तियों का इलाज स्थानिय अस्पताल में हो रहा है।
भड़क सकती है आग
जिले में कानून व्यवस्था अब अगर थोड़ी सी भी लचर हुई तो इस संवेदनशील जिले में किसी भी समय दंगा भड़कने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। और अगर आजमगढ़ में ऐसा होता है तो इस बात की पूरी संभावना है कि जिले की सीमा से लगे मऊ में भी हिंसक घटनाएं हो। मऊ और आजमगढ़ राज्य के बहुत ही संवेदनशील जिले है और राजनीतिक लिहाज से भी यह दोनों जिले बहुत चर्चा में रहते है।
गौरतलब है कि आजमगढ़ पिछले कुछ दिनों से मीडिया में उस वक्त चर्चा में आ गया था जब अहमदाबाद में हुए आतंकी हमले के तार जिले के अबू बशीर से जुड़ा था। इसके बाद पुलिस के खुफिया विभाग और देश के नेताओं का ध्यान आजमगढ़ की तरफ गया था । आज इन सभी बातों को ध्यान में रखते हुए आतंकवाद विरोधी एक परिचर्चा तकिया में होनी थी लेकिन उससे पहले यह घटना हो गई है।