मुंबई.
बॉलीवुड की फिल्म अभिनेत्री और समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन के एक बयान ने मराठी बनाम हिन्दी भाषी विवाद पर एक नई बहस शुरू कर दी है। जया बच्चन के ताजा बयान के बाद महाराष्ट्र नवनिमार्ण ने उन पर हमला करते हुए कहा है कि जया बच्चन ने अपने बयान के माध्यम से मराठी भाषा और महाराष्ट्र के लोगों का अपमान किया है और उनको इसके लिए माफी मांगनी होगी ।
क्या कहा जया बच्चन ने
जया बच्चन ने मुंबई में फिल्म द्रोंण के प्रोमों की लॉचिंग के अवसर पर कहा कि हम यूपी के लोग हैं, हमें हिन्दी में ही बात करनी चाहिए। कहा जा रहा है कि जया बच्चन ने भले ही यह बात मजाक में कही हो लेकिन जया के निशाने पर इस बार राज ठाकरे और उनका मराठी प्रेम था।
गौरतलब है कि मनसे के निमार्ण के साथ ही राज टाकरे ने बच्चन परिवार के साथ ही यूपी और बिहार के लोगों को निशाना बनाते हुए कहा था कि अगर मुंबई में रहना है तो मराठी बोलना होगा।
बात निकली है तो दूर तक जाएगी
जया बच्चन का यह ताजा बयान एक बड़ा विवाद खड़ा कर सकता है क्योंकि राज्य में विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं और स्थानीय बनाम बाहरी का मुद़दा पहले से ही राज्य की राजनीति में प्रमुख स्थान रखता रहा है। राज्य में शिव सेना और महाराष्ट्र नवनिमार्ण सेना जैसे राजनीतिक दलों का बनना भी इसी बात को लेकर रहा है।
राज्य में जया बच्चन और सपा के विरोधियों ने अभी से पूछना शुरु कर दिया है कि क्या जया बच्चन यही बात असम जैसे राज्य में कह सकती हैं जहां पर हिन्दी बोलने पर लोगों को मार तक दिया जाता है।