कोलंबो.
श्रीलंका के रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस ने स्वीकार किया है कि भारतीय बल्लेबाजों ने उन्हें एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज में आसानी से खेलकर उनका तोड ढूंढ निकाला है।
मेंडिस के हवालेसे स्थानीय मीडिया ने कहा आप इसे इस तरह से ले सकते हैं कि प्रतिभाशाली बल्लेबाज अपनी गलतियों से सबक सीखते है और उन गलतियों को जल्दी सुधार लेते हैं।
एशिया कप टेस्ट सीरीज और एकदिवसीय सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द साबित हुए मेंडिस की ताजा स्वीकारोक्ति से भारतीय बल्लेबाजों को जरुर कुछ राहत मिल सकती है।
मेंडिस ने हालांकि साथ ही कहा कि वह अगली बार कुछ भारतीय बल्लेबाजों से हिसाब बराबर करने के तरीके ढूंढ लेंगे। उन्होंने कहा मैं भी अपनी गेंदबाजी में सुधार करुंगा और भारतीय बल्लेबाजों को छकाने के तरीके ढूंढूगा।
23 वर्षीय स्पिनर ने कहा कि भारतीय बल्लेबाज उन्हें खेलते हुए ज्यादा सावधानी दिखा रहे थे इसीलिए उन्हें उनकी गेंदे खेलने में परेशानी हो रही थी।