bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

समाज भी बोलने लगे चुनाव की भाषा

भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा है कि कांग्रेस संगठन में सिंधी समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, लेकिन वे टिकट देने का वादा नहीं कर सकते, क्योंकि टिकट का निर्णय अकेले उनके हाथ में नहीं हैं।

श्री पचौरी रविवार को मप्र सिंधी कांग्रेस संगठन द्वारा सिंधु भवन में आयोजित स्नेह सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। आयोजकों ने श्री पचौरी से अनुरोध किया कि प्रदेश भर में सिंधी समाज के साढ़े आठ लाख सदस्य हैं, जो कि भोपाल, इंदौर, कटनी, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, इटारसी आदि जिलों में निवास में करते है।

आयोजकों का कहना था कि कांग्रेस में सिंधी समाज की उपेक्षा हो रही हैं। इस बार समाज को विशेष महत्व दिया जाए। महापौर सुनील सूद, अतुल शर्मा, कैलाश बेगवानी, विजय पेसवानी आदि भी इस मौके पर मौजूद थे।

सम्मेलन कर पाटीदार समाज ने भी दिखाई ताकत
भोपाल.पाटीदार समाज के सदस्यों ने रविवार को राजधानी में बड़ी संख्या में एकत्र होकर राजनैतिक दलों को अपनी संगठन शक्ति का अहसास कराया। टीटी नगर दशहरा मैदान में आयोजित समाज के सम्मेलन में प्रदेश भर से पहुंचे समाज के लोगों ने विधानसभा चुनाव में दलों से कम से कम पंद्रह-पंद्रह टिकट देने की मांग की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी समेत अन्य सभी दलों के नेताओं ने समाज को पूरी तवज्जो देने का भरोसा दिया।

संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष दीनदयाल पाटीदार, युवा संगठन के अध्यक्ष चेतन पाटीदार व मंडी बोर्ड के अध्यक्ष भागीरथ पाटीदार ने कहा कि पाटीदार समाज के लोगों की आबादी प्रदेश में लाखों में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा कि उनकी पार्टी ने हमेशा पाटीदार समाज के लोगों को प्रतिनिधित्व दिया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि वे संगठन में पाटीदार समाज के लोगों को अधिक टिकट देने की बात पुरजोर तरीके से रखेंगे। भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा भारती ने कहा कि वे तो स्वयं पाटीदार समाज से सहयोग की अपेक्षा रखती हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी पार्टी में इस समाज के लोगों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देंगी। अध्यक्षता कर रहे समाज के पूर्व प्रांताध्यक्ष शांतिलाल मांडा ने प्रदेश में दस स्थानों पर समाज के भवन व छात्रावासों के लिए भूखंड व चुनाव टिकट वितरण में समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग की।

रैली निकली: इसके पूर्व पाटीदार समाज के लोगों ने सुबह लालघाटी से वाहन रैली निकाली जो टीटी नगर दशहरा मैदान सम्मेलन स्थल पर पहुंची। रैली में समाज के युवा बड़ी संख्या में शामिल थे।

बलाई समाज ने भी रखी टिकट की मांग
भोपाल मप्र बलाई समाज महासंघ के बैनर तले रवींद्र भवन परिसर में रविवार को सम्मेलन हुआ। इसे नाम दिया गया था अभा राष्ट्रीय सामाजिक एकता महा सम्मेलन। इस मौके पर समाज के पदाधिकारियों ने राजनैतिक दलों के नेताओं के सामने समाज को आगामी चुनाव में उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग रखी।

सम्मेलन को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव थावरचंद गहलोत ने कहा कि बलाई समाज कर्मशील समाज है। इसने जो भी उन्नति की है वह अपने बलबूते पर की है। समाज के लोगों को आगामी चुनाव में उचित प्रतिनिधित्व मिले इसके लिए वे पूरे प्रयास करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने कहा कि उक्त समाज की उनकी पार्टी ने पहले भी कभी उपेक्षा नहीं की। चुनाव में भी इस बात का ध्यान रखा जाएगा। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राधा किशन मालवीय,पुष्पा चौहान, जगदीश रोकड़े आदि ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। समाज की पत्रिका प्रगति का श्री पचौरी ने विमोचन किया।

प्रारंभ में प्रदेशाध्यक्ष अमृत बाबीसा ने अतिथियों का स्वागत कर समाज संघ की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। प्रदेश उपाध्यक्ष एससी रामसरिया, दीपचंद मालवीय, निर्मला रोकड़े, केआर ओसवाल, बद्री लाल व शंभु दयाल मालवीय आदि उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: