भोपाल.
कर्मचारियों को वोट बैंक में तब्दील करने की कवायद के बीच मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि छठे वेतनमान का लाभ 1 सितंबर से मिलना शुरू हो जाएगा लेकिन एरियर को लेकर सरकार का गणित नहीं बैठ पा रहा है।
मुख्यमंत्री यह तो कह रहे हैं कि पूरा एरियर दिया जाएगा लेकिन कब और कैसे का जवाब उनके पास नहीं है। दूसरी तरफ वित्तमंत्री राघवजी स्पष्ट कह रहे हैं कि एरियर इस वित्तीय वर्ष में देना संभव नहीं है। यदि केंद्र के अनुसार एरियर दिया गया तो कर्मचारियों को करीब 10 हजार करोड़ रुपए देना होंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में छठे वेतन आयोग को 1 सितंबर से लागू कर दिया जाएगा। कर्मचारियों को 1 अक्टूबर को प्राप्त होने वाली तनख्वाह छठे वेतन आयोग के मान से मिलेगी। यह घोषणा मुख्यमंत्री ने रविवार को खंडवा जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल ओंकारेश्वर में जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करने से पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बावजूद प्रदेश के उन्हीं कर्मचारियों को अक्टूबर में बढ़ी हुई तनख्वाह मिल सकती है जिनकी वेतनपर्ची नए वेतनमान के अनुसार बनेगी। मुख्यमंत्री ने पिछले महीने खंडवा जिले में एक कार्यक्रम में राज्य के कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का लाभ जल्द देने की घोषणा की थी। इसके बाद नया वेतनमान लागू होने की तारीख और एरियर को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी।
कर्मचारियों को छठे वेतनमान का नगद लाभ देने की तारीख की धुंध छंट गई, लेकिन बकाया एरियर के भुगतान को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं है। वित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार कोषालय से जिन कर्मचारियों का वेतन निकलता है उन्हें ही फिलहाल छठे वेतनमान का लाभ मिलेगा। इन कर्मचारियों की संख्या प्रदेश में चार लाख 83 हजार है। इन पर सालाना वेतन का खर्च करीब 7100 करोड़ रुपए है। छठे वेतनमान से बढ़ी हुई तनख्वाह के रूप में शासन पर करीब 2500 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ने वाला है।
आयोग तय करेगा वेतन बेंडवित्त विभाग के सूत्रों के अनुसार राज्य में छठा वेतनमान लागू करने के लिए बना राज्य वेतन आयोग केंद्र के अनुसार वेतन बैंड तय करेगा। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इस बारे में आयोग को चिट्ठी दी जाएगी। आयोग वेतन बैंड तय करने के बाद शासन को भेजेगा जिसके आधार पर राज्य सरकार द्वारा अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके बाद राज्य के करीब नौ हजार आहरण वितरण अधिकारियों को नए वेतन बैंड के अनुसार कर्मचारियों के लिए खजाने से वेतन आहरित करने के निर्देश जारी होंगे।
राज्य के सभी कर्मचारियों को सितंबर माह की अक्टूबर में मिलने वाली तनख्वाह बढ़ी हुई मिलेगी, अभी यह तय नहीं है। वित्त विभाग के अनुसार राज्य शासन की अधिसूचना जारी होने के बाद नए वेतनमान के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी का वेतन पर्ची बनेगी।
कार्यालयों में 20 तारीख के बाद ही वेतन बिल का काम शुरू हो जाता है। ऐसे में 20 सितंबर से पहले ही पे बेंड के संबंध में अधिसूचना जारी हुई तो ही कर्मचारियों को ही अगले महीने बढ़ी हुई तनख्वाह मिल सकती है। ऐसा नहीं होने की स्थिति में जब भी बढ़ी हुई तनख्वाह मिलेगी, पिछले महीनों का एरियर मिलेगा।हुई तनख्वाह, तय नहीं।