bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

ड्रेनेज और नर्मदा लाइन डलेगी

इंदौर. पूर्वी रिंगरोड से लगे गणराजनगर, विनायकनगर, सुमित्रानगर और विप्रनगर में अब बरसाती और ड्रेनेज का पानी जमा नहीं होगा। नगर निगम यहां वर्षो पुरानी इस समस्या को दूर करने के लिए ड्रेनेज लाइन डालेगा।

कॉलोनियों के रहवासियों को अब पीने के पानी की समस्या से भी मुक्ति मिलने की उम्मीद है क्योंकि नर्मदा लाइन डालने का काम भी जल्द शुरू होगा। दोनों कार्यो पर करीब 80 लाख रुपए खर्च होंगे।

रविवार शाम महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, विधायक महेंद्र हार्डिया और क्षेत्रीय पार्षद निर्मला लड्ढा ने इसका भूमिपूजन किया। इस अवसर पर समीर चिटनीस और गोपाल लड्ढा भी मौजूद थे।

नागरिकों ने आचार संहिता से पहले भूमिपूजन करने के लिए नेताओं का आभार माना। श्री हार्डिया ने कहा इलाके के कुछ हिस्सों में पांच लाख रुपए की ड्रेनेज लाइन पहले डल चुकी है और प्राधिकरण ने जल समस्या से निपटने के लिए यहां बोरिंग भी करवाए हैं।

अब ड्रेनेज लाइन डलने से पानी निकासी की समस्या दूर होगी क्योंकि तेज बारिश के बाद यहां घरों में पानी घुस जाता था। श्रीमती लड्ढा ने कहा प्राधिकरण ने क्षेत्र की सभी कच्ची सड़कों को पक्का करने का जिम्मा लिया है।

बाकी काम नगर निगम कर रहा है। क्षेत्र की ज्यादातर समस्याएं अब दूर हो जाएंगी। श्री चिटनीस ने स्वीकारा क्षेत्र के लोग लंबे समय से परेशानी झेल रहे थे। श्री लड्ढा ने कार्य स्वीकृत करने के लिए विधायक और महापौर का आभार मानते हुए कहा इससे हजारों रहवासियों को फायदा होगा। कार्यक्रम में चारों कॉलोनियों के रहवासी संघों के पदाधिकारी मौजूद थे।

‘भास्कर’ को धन्यवाद दिया
क्षेत्रीय रहवासियों ने ये समस्याएं प्रमुखता से उठाने के लिए ‘दैनिक भास्कर’ को धन्यवाद दिया। राजेश मेहता और भगवानदास बागा ने कहा भास्कर ने जून में पहली बरसात के दौरान ही नगर निगम को यहां भारी जलजमाव के खतरे से चेताया था। इसी के बाद नाले की सफाई भी हुई। कैलाश चौधरी और पूनमचंद परिहार ने जनप्रतिनिधियों के साथ भास्कर को भी यहां की समस्याएं हल करने का श्रेय दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: