जयपुर. अभी तक पैसे लेने के लिए आपको ऑटोमेटिक टेलर मशीन (एटीएम) तक जाना पड़ता था, लेकिन बहुत जल्द एटीएम आपके घर आएगा। राज्य के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर अपने ग्राहकों के लिए जयपुर, जोधपुर, बारां में अक्टूबर से यह सुविधा शुरू करने जा रहा है।
बैंक इसके लिए तीन मोबाइल वाहन खरीद रहा है। इससे सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों, निशक्तजनों और वरिष्ठ नागरिकों (सीनियर सिटीजन्स) को होगा। ये वे लोग हैं, जिनके लिए एटीएम तक पहुंचना मुश्किल होता है।
कैसे काम करेगा : मोबाइल वैन में एक एटीएम होगा, जो सैटेलाइट से जुड़ा होगा। उसका रूट नियत होगा। निर्धारित स्थान पर ये वैन दो-दो घंटे खड़ी रहेगी। ग्राहकों को इसकी जानकारी रहेगी कि उनकी कॉलोनी या इलाके में वैन कब आएगी। वहां जाकर कोई भी व्यक्ति जरूरत के अनुसार अपनी रकम एटीएम से निकाल सकेगा।
किसको फायदा मिलेगा : इसका फायदा दुकानदार, निशक्तजन, घरेलू महिलाएं, कॉलेज के विद्यार्थियों व वरिष्ठ नागरिकों को होगा। खासकर ग्रामीण इलाकों में जहां एटीएम नहीं है, वहां के लोगों के लिए यह सुविधा काफी फायदेमंद होगी। ये मोबाइल एटीएम वैन उन स्थानों पर जाएगी जहां एटीएम की जरूरत है, लेकिन जगह नहीं मिलने या अन्य दिक्कतों के कारण बैंक वहां एटीएम नहीं लगा पा रहा है।
रिजर्व बैंक से अनुमति मिलते ही अक्टूबर तक इस सुविधा को शुरू कर देंगे। हमें इसका विचार सूरत में बाढ़ के समय आया था, जब सारे एटीएम में पानी भर गया था। ऐसे में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ट्रकों में एटीएम रखे। उन्हें सैटेलाइट और जेनरेटर से जोड़कर चालू किया। इससे लोगों को काफी राहत मिली। लोगों ने इस सेवा की सराहना की थी।
-अरुण शांडिल्य, प्रबंध निदेशक, एसबीबीजे