प्रदेश के विभिन्न अंचलों से.
प्रदेश में रविवार को अधिकांश इलाकों में बारिश की झमाझम रही। सुबह की तेज गर्मी के बाद आई बारिश से लोगों ने राहत महसूस की वहीं किसानों ने भी इस बारिश को पकती फसल के लिए लाभदायक बताया है।
बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे वहीं अजमेर में 35.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी में लगातार दूसरे दिन तेज बारिश हुई। इसके साथ ही भरतपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, उदयपुर में भी बारिश हुई।
राजधानी में सुबह तेज गर्मी हो गई। दोपहर तक तेज उमस से हाल बेहाल हो गए। करीब एक बजे अचानक बादलों की आवाजाही शुरू हुई और शाम चार बजे बाद तेज बारिश हुई। बीकानेर में लंबे अर्से के बाद बारिश की झमाझम हुई।
श्रीडूंगरगढ़ तहसील के ही कुछ गांवों में बारिश दर्ज की गई। मोमासर में कुछ देर छोटे आकार के ओले गिरे। भरतपुर में कुछ दिनों की गर्मी के बाद बादलों ने राहत दी। एक घंटे तक तेज बरसात हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। बरसात के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सीकर में इंद्र का मिजाज दूसरे दिन भी बदला रहा।
शहर में सुबह से बादलवाही के बाद दोपहर में तेज बारिश हुई, जिससे मुख्य मार्गो में पानी भर गया। दोपहर बाद भी शहर में बारिश की झड़ी लगी रही। जिले में अन्य कई स्थानों पर ठंडी हवाओं के साथ बूंदाबांदी होती रही।
मौसम का यह मिजाज देर शाम तक जारी रहा। झुंझुनूं में जिला मुख्यालय सूखा रहा, लेकिन नवलगढ़ में कुछ देर के लिए बारिश हुई। अलवर में सुबह हुई झमाझम बारिश के बाद भी दिनभर मौसम सुहाना रहा। हालांकि दोपहर में चटक धूप ने कुछ परेशान किया, लेकिन ठंडी हवा चलने से लोगों ने राहत महसूस की।