News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. राज्य में नगरीय निकायों के जरिए होने वाली शिक्षाकर्मी भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई। अब परीक्षा नहीं होगी, बल्कि नगरीय प्रशासन विभाग खाली पदों पर संविदा से शिक्षाकर्मियों की भर्ती करेगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल ने शिक्षाकर्मी भर्ती परीक्षा की तारीख 28 सितंबर घोषित की थी। इसकी तैयारी कर ली गई, जिलों में फार्म भी छाप लिए गए। लेकिन ऐन वक्त पर नगरीय प्रशासन सचिव सीके खेतान ने परीक्षा रोकने के निर्देश दिए। इसके बाद फार्मो का आबंटन भी रोक दिया गया। साथ ही, विभाग ने रिक्त पदों पर संविदा भर्ती की तैयारी शुरू कर दी। विभाग ने निकाय स्तर पर आदेश जारी कर सभी जिलों में संविदा के तहत भर्ती करने की घोषणा कर दी। इसका विज्ञापन भी जारी कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि परीक्षा की जगह संविदा नियुक्ति का फैसला चुनाव और परीक्षा सत्र के मद्देनजर लिया गया। एक आला अफसर ने बताया कि संविदा के जरिए जल्द से जल्द भर्ती कर पढ़ाई भी शुरू करवा दी जाएगी। सूत्रों ने यह भी बताया कि शिक्षाकर्मी भर्ती परीक्षा के नियमों में संशोधन की तैयारी भी की जा रही है। नियमों में बदलाव के लिए बीएड (बैचलर आफ एजुकेशन) प्रमाणपत्रधारियों को 10 अंक अतिरिक्त देने का प्रस्ताव रखा गया है।
व्यापमं के नियंत्रक डा. बीपी त्रिपाठी ने बताया कि नगरीय प्रशासन के निर्देश पर परीक्षा की तैयारी शुरू हुई, फिर इसे रद्द कर दिया गया। ऐसा पहली बार हुआ है। शिक्षाकर्मी के करीब डेढ़ हजार पदों पर भर्ती होनी थी और इस हिसाब से फार्म भी छप चुके थे। भर्ती की प्रक्रिया अब शायद 2009 में हो, लेकिन विभाग से इस बारे में अभी किसी तरह की सूचना नहीं मिली है।
बेरोजगारों को बड़ा झटका
जिला पंचायत के बाद नगरीय निकायों में शिक्षाकर्मी भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह था। इसकी तैयारी भी चल रही थी। चुनाव से पहले भर्ती प्रक्रिया हो जाती लेकिन अब विभाग ने संविदा के तहत विज्ञापन जारी कर झटका दे दिया। संविदा भर्ती जिला स्तर पर हो रही है। इसमें भी, जितने पद खाली हैं, उनके आधे ही भरे जाएंगे।