bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कांग्रेस करारे हमले की तैयारी में

रायपुर. दिल्ली से आए कांग्रेस के दर्जनभर नेताओं ने यहां मीडिया वर्कशाप में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार युद्ध की रणनीति तैयार की। प्रवक्ताओं को परमाणु करार, रामसेतु, अमरनाथ जमीन विवाद, आतंकवाद और महंगाई के मामले में भाजपा को करारा जवाब देने की सीख दी गई है।

चौबे कालोनी स्थित भीमसेन सभा भवन में आज पार्टी के मीडिया वर्कशाप में प्रचार के मामले में पिछड़ने को लेकर चिंता झलकी। वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग मुद्दों पर विचार रखे और सवालों के जवाब भी दिए। भाजपा परमाणु करार, रामसेतु, अमरनाथ जमीन विवाद, महंगाई और आतंकवाद के मुद्दे को भुनाने में लगी है। कांग्रेस ने जवाबी हमला बोलने की योजना बनाई है। रमन सरकार के शासनकाल के 101 घोटालों की सूची तैयार की गई जिसे लोगों तक पहुंचाने का फैसला लिया गया है। पार्टी भाजपा द्वारा पिछले विधानसभा चुनाव में किए गए वादे भी याद दिलाएगी।

कांग्रेस के मीडिया प्रमुख वीरप्पा मोइली ने परमाणु करार को देशहित में बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के सारे लोग यह संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। करार से देश में बिजली का उत्पादन बढ़ेगा। केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दास मुंशी ने कहा कि यूपीए के राज में अमरनाथ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ी है। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही हैं। गरीबों का चावल मिलों में जा रहा है।

कांग्रेसजनों को चौकस रहने की जरुरत है। वी नारायण सामी ने कहा कि यहां स्कूल, कालेज भवन और आश्रम नहीं है फिर भी भाजपा सरकार विकास की ढ़िढोरा पीट रही है। केंद्र की योजनाओं को अपनी बताकर झूठा प्रचार कर रही है। यूपीए सरकार ने आदिवासियों को जमीन का पट्टा दिया। भाजपा हिन्दू व मुस्लिमों को लड़ा रही है। मोतीलाल वोरा ने कहा परमाणु करार की हकीकत लोगों को बताएं। भाजपा गुमराह कर रही है। जनहित के मुद्दे उठाएं।

नेता नहीं, प्रचार पार्टी का
पार्टी के मीडिया प्रमुख वीरप्पा मोइली ने प्रवक्ताओं को अपने किसी नेता के बजाय कांग्रेस का प्रचार करने की हिदायत दी। उन्होंने आफ द रिकार्ड चर्चा करने से परहेज की भी जरूरत बताई। वहीं पुणो से आए प्रोफेसर उज्जवल चौधरी ने प्रवक्ताओं को प्रेस रिलीज तैयार करने के गुर सिखाए। उन्होंने कैमरे के सामने खादी की बजाय रंगीन कपड़े पहनकर आने की सलाह दी। वर्कशाप का संचालन पीसीसी के मीडिया प्रभारी व प्रमुख प्रवक्ता रमेश वल्र्यानी ने किया।

राज्यसभा सदस्य मोहसिना किदवई ने कहा कि स्वस्थ आलोचना करने वाले विपक्ष की कमी है। विपक्ष के पास कोई विजन नहीं है। जिस पार्टी का कोई विजन न हो उसे राज करने का अधिकार नहीं है। देश को कांग्रेस की जरूरत है। दूसरी कोई पार्टी सक्षम नहीं है।

भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनीष तिवारी ने परमाणु करार से होने वाले फायदे की जानकारी विस्तार से दी और कहा कि करार से देश का परमाणु कार्यक्रम प्रभावित नहीं होगा। यूपीए ने संविधान की रक्षा की है और लोकतंत्र के बुनियाद को कायम रखा है। करार के सकारात्मक पक्ष को लोगों तक पहुंचाएं। विद्याचरण शुक्ल ने कहा कांग्रेस हमेशा से गरीबों के साथ है। मालगुजारी और जमाखोरी भी कांग्रेस ने ही खत्म की थी। मिर्जा इरशाद बेग ने रमन सरकार की तीन रुपए किलो चावल योजना पर निगाह रखने की सलाह दी।

राम मंदिर को याद दिलाएं
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कांग्रेस प्रवक्ताओं को सलाह दी कि भाजपा को राम मंदिर याद दिलाएं। भाजपा ने लोगों की आस्था से खिलवाड़ किया, लोगों को लड़वाया। अमरनाथ श्राइन बोर्ड मामले को भी जातीय रंग देने की कोशिश हो रही हैं। भाजपा देश के और टूकड़े करना चाहती है। कांग्रेस कश्मीर को देश से अलग नहीं होने देगी। रमन पर जोगी के तीर
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह को लबरा राजा की संज्ञा देते हुए अजीत जोगी जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि गरीबों का चावल राइस मिलों में जा रहा है। भाजपा ने ब्राम्हण, राजपूत और आदिवासी नेतृत्व को जड़ से खत्म कर दिया। भाजपा की सरकार में एक भी ब्राम्हण मंत्री नहीं है। दिलीप सिंह जूदेव, बलीराम कश्यप, नंदकुमार साय और ननकीराम कंवर जैसे दिग्गजों को किनारे लगा दिया गया है। कांग्रेस से ज्यादा भाजपा में गुटबाजी है। यह बातें लोगों को बताएं। कांग्रेस की सरकार बनी तो हम दो रूपए किलो चावल सबको देंगे। हमने डबरी बनवाई थी, भाजपा सरकार सड़कों को डबरा बना रही है।

कांग्रेस की सरकार बनी तो भ्रष्टाचार करने वाले जेल जाएंगे। भाजपा ने बेइमानी कर हमें हराया। बस्तर में बड़ी संख्या में बटालियन लगाकर 73 फीसदी मतदान करवाया। इस बार ऐसा नहीं होने देंगे। संदीप दीक्षित ने परमाणु करार की खूबियां गिनाईं। वरिष्ठ पत्रकार गोविंद लाल वोरा ने मीडिया प्रबंधन के गुर सिखाए। सम्मेलन जैसा नजारा वर्कशाप में पीसीसी ने करीब दो सौ पदाधिकारियों को आमंत्रित किया था। लेकिन सभागार खचाखच भर गया। टिकट के लिए बायोडाटा लेकर आए लोग भी शामिल हो गए। वे मौैका मिलते ही नेताओं को बायोडाटा देते रहे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: