News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. ‘एक्सेप्ट करेक्शन एंड सजेशन।’ हमें अपनी गलतियों को स्वीकारना चाहिए और दूसरों के सुझाव से अपने अंदर परिवर्तन लाना चाहिए। जब हमें गलतियों की जानकारी होती है तो हम अपने लिए सही दिशा की तलाश कर पाते हैं। हम स्वयं सफलता की ओर बढ़ने लगते हैं।
यह बात ट्रिक मास्टर एम.जे. राजेश फर्र्नाडो ने रविवार को एलएनआईपीई के रविंद्रनाथ टैगोर सभागार में दैनिक भास्कर और लायंस क्लब ग्वालियर सेंट्रल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सेमिनार के दौरान कही।
श्री फर्र्नाडो ने ‘बिफोर यू लर्न टू कैरी योर करेक्टर विथ यू’ विषय पर बोलते हुए कई मैजिक ट्रिक्स भी दिखाए, जिससे छात्र-छात्राएं बड़ी सहजता से उनकी बात समझ पाए। उन्होंने कहा कि हम कई बार असफल हो जाते हैं, क्योंकि हम कुछ गलतियां भी करते हैं। हमें इन गलतियों को डील करना आना चाहिए। जब हम किसी काम की डेडलाइन निकल जाने के बाद भी वह काम नहीं करते या वादा नहीं निभाते तो परेशानियां खुदबखुद जिंदगी में दाखिल हो जाती हैं।
कई बार लोग गलती करने वाले व्यक्ति को बाहर निकाल देते हैं, लेकिन उसकी गलतियों को दूर नहीं करते हैं। हमें लोगों को गलतियां सुधारने का मौका देना चाहिए। एक समय ऐसा आएगा, जब वह व्यक्ति गलतियांरहित हो जाएगा।
उन्होंने छात्रों से रूबरू होते हुए कहा कि हमें अपनी मोरल वेल्यू बनाए रखना चाहिए। जब आपके अंदर मूल्य बचे रहेंगे तो जिंदगी में बहुत कुछ कर पाएंगे। हालांकि शुरुआत में कई परेशानियां भी आएंगी, पर वह धीरे-धीरे खत्म हो जाएंगी। जब आप कोई अच्छा कार्य करना शुरू करेंगे तो देखेंगे कि कुछ अच्छे लोग खुदबखुद आपके साथ जुड़ने लगेंगे। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक हरिमोहन शर्मा थे। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष हरीश भोजवानी, प्रोग्राम कन्वीनर भरत नागपाल, मनोज आहूजा आदि उपस्थित थे।
मिलता है बड़ा रिवार्ड
श्री फर्र्नाडो ने एक ट्रिक के दौरान अपने हाथों में एक कागज लिया और उसमें माचिस से आ लगा दी। वह कागज को तब तक पकड़े रहे, जब तक वह पूरी तरह जल नहीं गया। इस कागज की राख को उन्होंने सौ रुपए के नोट में तब्दील कर दिया। उनका कहना था कि जब हम जिंदगी से आखिरी तक लड़ते हैं, परेशानियां सहते हैं तो उसका रिवार्ड भी बड़ा मिलता है।
मस्तिष्क को रखें भयमुक्त
दैनिक भास्कर एवं लायंस क्लब ग्वालियर सेन्ट्रल के संयुक्त तत्वावधान में एलएनआईपीई के टैगोर हाल में चल रहे लीडरशिप सेमिनार के दूसरे सत्र में रविवार को ट्रिक मास्टर एमजे राजेश फर्नाडो ने बिल्ड योर लाइफ बिल्ड योर नेशन विषय पर अपना उद्बोधन दिया। मुख्य अतिथि के रूप में अंजना जैन उपस्थित थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में ट्रांसपोर्ट कमिश्नर एनके त्रिपाठी, सुनील वशिष्ठ उपस्थित थे।
डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू. ग्वालियर सेन्ट्रल. कॉम की व्याख्या करते हुए श्री फर्नाडो ने कहा कि डब्ल्यू से आशय से विल पॉवर से है। व्यक्ति को अपनी विल पॉवर हमेशा ऊंची रखनी चाहिए। किसी भी तरह का भय मस्तिष्क में नहीं रखना चाहिए। संचालन मुकेश थिरानी ने एवं आभार प्रदर्शन सुनील शर्मा ने किया।