लखनऊ.
केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने गुरुवार को कानपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर ही अपनी चौपाल लगा डाली। दरअसल मामला एक वरिष्ठ अधिकारी द्वारा टीटीई को थप्पड़ मारने का था, जिससे नाराज कर्मचारियों ने दिल्ली जा रहे लालू की विशेष ट्रेन रोक ली।
लालू ने प्लेटफार्म पर चौपाल लगा कर सैकड़ों की संख्या में नाराज कर्मचारियों की बातें सुनी। यह बात अलग है कि एक घंटे तक लालू की बात सुनने व कार्रवाई के भरोसे के बाद भी पीड़ित टीटीई ने अपने अधिकारी के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज करा दी।
कानपुर सेंट्रल स्टेशन के टीटीई अंबरीश को सहायक वाणिज्य अधिकारी यूवीएस प्रभाकर ने गुरुवार को थप्पड़ मार दिया। उस वक्त अंबरीष गेट पर टिकट चेक कर रहे थे।
अंबरीश की पिटाई की खबर मिलते ही अन्य टीटीई भड़क गए और नारेबाजी करने लगे। इसी बीच बिहार के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर दिल्ली लौट रहे लालू की विशेष ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो नाराज कर्मचारियों ने ट्रेन रोक ली। लालू ने बाहर आकर बातें सुनी और अधिकारियों को बुला कर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को न्याय का भरोसा दिया। डीआरएम दीपक दवे ने बताया कि यूवीएस प्रभाकर व अंबरीश के बीच हुए विवाद की जांच की जा रही है।