Sports
Other Sports Other Sports सिरसा.
फिल्म अभिनेता संजय दत्त देश में बॉक्सिंग को बढ़ावा देने के लिए फिल्म बनाएंगे। यह जानकारी शुक्रवार को चौधरी देवीलाल विद्यापीठ में ट्वेंटी-20 किक्रेट मैच का लुत्फ उठाते हुए अभिनेता संजय दत्त ने पत्रकारों को दी।
मुन्नाभाई ने कहा कि आज देश में क्रिकेट की तरह दूसरे खेलों को भी प्रोत्साहन दिए जाने की जरूरत है ताकि हम सभी खेलों में नंबर वन बन सकें।
मैं हूं बॉक्सिंग का एंबेसेडर: संजय दत्त ने कहा कि अखिल भारतीय बॉक्सिंग फेडरेशन द्वारा उन्हें ब्रांड एंबेसेडर बनाए जाने की खुशी है और वे बॉक्सिंग और उससे जुड़े खिलाड़ियों के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। मुन्नाभाई ने कहा कि लंदन ओलिंपिक में देश के बॉक्सर गोल्ड मेडल जीतकर लाएंगे और इससे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में भी बॉक्सरों का जलवा देखने लायक होगा।
चकदे इंडिया की तारीफ: इस मौके पर संजय दत्त ने कहा कि ‘चक दे इंडिया’ फिल्म से हॉकी के खेल की लोकप्रियता देश में बढ़ी और नई पीढ़ी को भी इस खेल से रूबरू होने का मौका मिला। इसी तरह उनके द्वारा बनाई जाने वाली फिल्म में बॉक्सिंग खेल से देशवासियों को रूबरू कराया जाएगा और इस फिल्म से भी बॉक्सिंग को बढ़ावा मिलेगा।
पर्दे पर ही ठीक हूं: मैंच देखने के दौरान संजय दत्त ने पत्रकारों से दिल खोलकर बात की। एक सवाल के जवाब में संजय दत्त ने कहा कि वे राजनीति में नहीं आना चाहते हैं। और फिल्मी पर्दे पर ही ठीक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पुत्री अभी फिल्मी दुनिया में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के प्रेरणा से उन्होंने समाजसेवा करना सीखा है और फिल्मों के जरिए वे समाजसेवा कर रहे हैं।