अजमेर. पुलिस की स्पेशल टीम ने शनिवार तड़के तोपदड़ा इलाके में नशीले पदार्थ की सौदेबाजी करते तीन लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से मारुति कार व वैन भी जब्त की गई है। उनके कब्जे से करीब 170 ग्राम मादक द्रव्य बरामद किया गया जिसके डुप्लीकेट हेरोइन होने का शक है। फिलहाल आरोपियों को 109 के तहत गिरफ्तार किया गया है।
स्पेशल टीम प्रभारी प्रमोद स्वामी के मुताबिक लोहाखान निवासी खुर्शीद उर्फ कुड़ी बाबा पुत्र अहमद नूर उम्र (32), राजपूत कॉलानी मदनगंज किशनगढ़ निवासी अजीत सिंह राजपूत पुत्र भंवरसिंह और उसके साथी अरुण शर्मा को हेरोइन तस्करी के शक में पकड़ा गया। तीनों तोपदड़ा स्कृल ग्राउंड के निकट संदिग्ध परिस्थितियों में देखे गए थे। लोगों की सूचना पर पुलिस दल ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान उनके पास से 170 ग्राम सफेद दाने जैसा पदार्थ मिला है।
यह हेरोइन या फिर थाइलैंड-555 (फिनायल एसिटिक एसिड) होने की आशंका जाहिर की गई है। फिलहाल इस पदार्थ को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है। पकड़े गए लोगों में खुर्शीद कुख्यात अपराधी है। उसके तार नशीले पदार्थ तस्करी गिरोह से जुड़े हुए हैं। आरोपी अजीतसिंह राजपूत कुख्यात अपराधी धनसिंह गिरोह का गुर्गा है। उसके खिलाफ डकैती के चार और हत्या का एक मामला दर्ज है। तीनों को धारा 109 के तहत गिरफ्तार किया गया।
खबर तो यह थी..
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि 10 सितंबर को अजीत सिंह व अरुण ने कुड़ी बाबा को फोन पर कहा था कि उनके पास हेरोइन है। जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपए है, लेकिन वे इसका सौदा औने-पौने दामों में करना चाहते हैं। कुड़ी ने हेरोइन को टेस्ट कराने की शर्त रखी थी।
इस पर किशनगढ़ से सलीम को बुलाया गया। यहां तीनों पुलिस के जाल में फंस गए लेकिन उनसे बरामद पदार्थ वास्तविक तौर पर हेरोइन है या अन्य कोई पदार्थ, इस बारे में एफएसएल जांच से जानकारी मिलेगी। पदार्थ को एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है। जांच के बाद ही उन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हो सकती है।