bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

ऊंटों के लिए भी बिस्किट

बीकानेर. ऊंट के मुंह में जीरा..इस कहावत को तो सुना था लेकिन अब ऊंट के मुंह में बिस्किट। ये कोई कहावत नहीं बल्कि हकीकत है, ऊष्ट्र अनुसंधान केन्द्र में इन दिनों ऊंटों को घास के बिस्किट बनाकर खिलाए जा रहे हैं।

अब केवल आदमी ही नहीं बल्कि ऊंट भी बिस्किट खाता है फर्क सिर्फ इतना है कि ऊंट के लिए बना बिस्किट घास का है। यह बिस्किट (फीड ब्लॉक) केन्द्र ने चारा प्रबंधन की दृष्टि से बनाए हैं।

केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. एके नागपाल ने बताया कि बिस्किट(फीड ब्लॉक) का निर्माण काफी समय से किया जा रहा है। इस बिस्किट को फीड ब्लॉक में बनाया जा रहा है। घास से बने इस फीड ब्लॉक में पांच तरह की घास मिलाई जाती है।

घास के अलावा ऊंटों के इस बिस्किट में ग्वार की चूरी, खल व पानी भी मिलाया जाता है। घास से बनाए जा रहे इस बिस्किट में सूखे चारे के रूप में ग्वार की फलगटी, चने की खार, पेड़ों की पत्तियां, लूंग, पाला मिलाया जाता है। इसके अलावा कभी-कभार इनमें चावल व बाजरा भी मिक्स करते हैं। पांच से छह किलो वजन वाले इस घास के फीड ब्लॉक की लम्बाई, चौडा़ई व मोटाई नौ इंच है। ऊंट को एक बार में दो बिस्किट (फीड ब्लॉक ) दिए जाते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: