bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

पॉलीटेक्निक कॉलेज में रैगिंग

बीकानेर. बीकानेर पॉलीटेक्निक कॉलेज में शुक्रवार की रात फिर रैगिंग का मामला सामने आया है। इंजीनियरिंग कॉलेज की पॉलीटेक्निक के प्रथम वर्ष के छात्र हितेश यादव व रामस्वरूप ने बीती रात को ही वार्डेन कैलाशचंद्र लछवानी को शिकायत की कि पॉलीटेक्निक कॉलेज के सीनियर छात्र अनिल मीणा, महिपाल, घनश्याम आदि ने उनकी रैगिंग ली है।

रैगिंग में जबरदस्ती उनका परिचय लिया व कुछ ऐसी हरकतें करने के लिए कहा जिसके लिए जूनियर छात्र राजी नहीं हुए। आरोपी पॉलीटेक्निक कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। इंजीनियरिंग पॉलीटेक्निक कॉलेज के वार्डेन लछवानी ने रात को ही पॉलीटेक्निक कॉलेज के वार्डेन अरुण स्वामी, जितेन्द्रसिंह, ए.के.शर्मा व विनोद को घटना की जानकारी दी।

शनिवार को पीड़ित दोनों छात्रों ने पॉलीटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल पुरुषोत्तम सांखला को लिखित शिकायत में कहा कि शुक्रवार की रात वे अपने परिचित एक छात्र से मिलने भाभा हॉस्टल में गया था तो वहां तीनों आरोपियों ने रोककर रैगिंग लेनी शुरू कर दी। जब वे इसके लिए तैयार नहीं हुए तो उनके साथ जबरदस्ती की गई।

शनिवार को छात्रों की ओर से लिखित शिकायत आते ही पॉलीटेक्निक प्रशासन ने आरोपी छात्र अनिल मीणा, महिपाल व घनश्याम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कॉलेज प्रशासन कुछ विभागाध्यक्षों की एक टीम बनाकर घटना की जांच कराएगा। घटना की जानकारी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को भी मिली और भगवानसिंह मेड़तिया व अन्य पदाधिकारी भी कॉलेज पहुंच गए तथा घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पॉलीटेक्निक कॉलेज के वार्डेन भी घटना की जांच कर रहे हैं।

एक ही हॉस्टल में रहते हैं दोनों पॉलीटेक्निक के छात्र
इंजीनियरिंग कॉलेज पॉलीटेक्निक व पॉलीटेक्निक कॉलेज के छात्र भाभा छात्रावास में एक साथ वर्षो से रह रहे हैं। इंजीनियरिंग पॉलीटेक्निक के पास हॉस्टल नहीं होने से वहां के छात्र यहां रहते हैं। भाभा छात्रावास में कुल 48 कमरे हैं और 24-24 कमरे दोनों पॉलीटेक्निक के बीच बंटे हुए हैं। दोनों के बीच कोई बंटवारा भी नहीं है। जिन छात्रों की शुक्रवार की रात रैगिंग हुई है उनमें एक इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ.एम.पी.पूनिया का भतीजा है। गुरुवार को ही रामस्वरूप का पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रवेश हुआ था और उसके दूसरे दिन ही रैगिंग का मामला सामने आ गया।

इंजीनियरिंग कॉलेज पॉलीटेक्निक प्रथम वर्ष के छात्र हितेश यादव व रामस्वरूप ने लिखित शिकायत की कि कुछ छात्रों ने उनके साथ रैगिंग की है। शिकायत मिलते ही आरोपी तीनों छात्रों को निलंबित कर दिया और मामले की जांच कराई जा रही है। जबरदस्ती परिचय लेना रैगिंग का स्वरूप है और इसके लिए आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
-पुरुषोत्तम सांखला, प्रिंसिपल पॉलीटेक्निक कॉलेज

रामस्वरूप मेरा भतीजा है। हॉस्टल में कुछ छात्रों ने उससे कुछ पूछताछ की थी। इससे वह घबड़ा गया और शिकायत कर दी। इसे रैगिंग नहीं मानना चाहिए। मैं अभी बाहर हूं, बीकानेर लौटने पर चर्चा करूंगा।
-एम.पी.पूनियां, प्राचार्य, इंजीनियरिंग कॉलेज





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: