bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब

कोटा. अनंत चतुर्दशी पर हर साल निकलने वाला जुलूस गुमानपुरा के मल्टीपरपज स्कूल मैदान से रविवार को दोपहर 12 बजे शुरू होगा। आरंभ में भगवान गणोशजी की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद गुमानपुरा के मल्टीपरपज स्कूल परिसर से झांकियां व अखाड़े निकलना शुरू हो जाएंगे।

जुलूस के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जुलूस के स्वागत में गुमानपुरा से किशोरसागर तालाब तक के मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मार्ग पर बड़े- बड़े स्वागतद्वार, केसरिया पताकाएं और रंगबिरंगी झालर-कनातों से पुराना कोटा रंग गया है।

अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति के मुताबिक जुलूस में तीन दर्जन से ज्यादा अखाड़े, 125 झांकियां, 25 भजन मंडलियां और इतनी ही डांडियां टोलियां शामिल होंगी। शस्त्र संचालन का कौशल और हैरतअंगेज करतब दिखाने वाले अखाड़ों के पठ्ठों ने शनिवार को अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया। श्रीपुरा चौराहे पर सुभाषचंद बोस की प्रतिमा वाले पार्क में कारगिल युद्ध की भव्य झांकी सजाई जा रही है। जुलूस मार्ग को साफ- सुथरा और निर्विध्न बनाने के लिए प्रशासन ने साफ सफाई तथा बिजली के तारों को ऊंचा कराया है।

यह रहेगा जुलूस मार्ग

रविवार को निकलने वाला जुलूस दोपहर 12 बजे मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा से रवाना होकर सूरजपोल गेट,कैथूनीपोल थाना, श्रीपुरा, पुरानी सब्जीमंडी, चार खंबा, अग्रसेन मार्केट, बक्सपुरी कुंड की गली, रामपुरा बाजार, हिंदू धर्मशाला, लक्कीबुर्ज होते हुए बारहदरी पर विसर्जित होगा।

दिखेगी शिक्षा नगरी की पहचान : जुलूस में शिक्षा नगरी की झलक दिखाई देगी। पहली बार जुलूस में कोचिंग संस्थानों की चार-पांच झांकियां शामिल होंगी। आयोजन समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र भार्गव के मुताबिक झांकियों में सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार तथा शैक्षणिक सामाजिक प्रगतिशीलता के दृश्य होंगे।

श्रीपुरा सुभाष पार्क में कारगिल युद्ध पर जीवंत झांकी बनाई जा रही है।

कड़ी सुरक्षा चौकस नजरें
अनंत चतुर्दशी के जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैदी दिखा रहा है। दिल्ली धमाकों के बाद प्रशासन ने पुलिस-बल और बढ़ा दिया है। जुलूस मार्ग में आने वाले मकानों की लिस्ट तैयार की गई। सभी मकानों के छतों की जांच की गई, रविवार को वहां पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे।

पुलिस ने मकान मालिकों को हिदायत दी गई है कि वे अपने जुलूस देखने के लिए केवल परिचित व्यक्ति को ही चढ़ने दें। ऐसे किसी व्यक्ति को न जाने दें, जो अपरिचित हो या संदिग्ध लगे। पिछले वर्र्षो की अपेक्षा इस वर्ष मकानों की छतों पर विशेष निगरानी रखते हुए जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। वॉच टावर के अलावा मकानों पर दूरबीन व हथियारों से लैस जवान तैनात रहेंगे। जुलूस की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: