Sports
Other Sports Other Sports बुखारेस्ट. डेविस कप के वर्ल्ड ग्रुप में जगह बनाने की भारतीय कोशिशों को उस समय तगड़ा झटका लगा, जब प्ले ऑफ मुकाबले में शुक्रवार को उसने दोनों एकल गंवा दिए। प्रकाश अमृतराज को रोमानिया के विक्टर क्रिवोई ने उन्हें 7-5, 5-7, 6-2, 6-2 से हरा दिया। दूसरे एकल में सोमदेव देववर्मन को रोमानिया के नंबर एक विक्टर हानेस्कू के खिलाफ 3-6, 1-6, 0-6 की हार झेलनी पड़ी। शनिवार को होने वाले युगल मैच में लिएंडर पेस और महेश भूपति की स्टार जोड़ी से भारत को जीत की उम्मीद रहेगी।
क्रिवोई के कॅरिअर का यह दूसरा डेविस कप मैच था। पहले मैच में वे द. कोरिया के ह्यूंग टेक ली के खिलाफ केवल दो गेम जीत पाए थे। क्ले कोर्ट पर प्रकाश ने अच्छी शुरुआत करते हुए 5-2 की बढ़त बना ली थी। इस स्कोर पर वे सेट के लिए सर्विस कर रहे थे, लेकिन उनकी तीन गलतियों से क्रिवोई को वापसी का मौका मिल गया।
मेजबान खिलाड़ी ने इसके बाद लगातार पांच गेम जीतते हुए पहला सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में उनकी शुरुआत अच्छी रही और वे 5-3 से आगे हो गए थे। ऐसे समय में प्रकाश ने दमदार वापसी की और लगातार चार गेम जीतकर स्कोर 1-1 कर दिया। तीसरे और चौथे सेट में प्रकाश अपनी गलतियों पर अंकुश नहीं लगा सके।
उन्होंने हालांकि मेजबान खिलाड़ी की कमजोरियों का फायदा उठाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। अंतिम सेट के आठवें गेम में वे क्रिवोई की सर्विस तोड़ने के करीब पहुंच गए थे, लेकिन खुद की गलती से मौका गंवा बैठे।