Sports
Other Sports Other Sports टोक्यो
चौथी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी दिनारा साफिना ने हमवतन पांचवीं वरीयता प्राप्त स्वेतलाना कुजनेत्सोवा को सीधे सेटों में हराकर पैन पैसेफिक ओपन टेनिस खिताब जीत लिया।
वहीं युगल मुकाबले में किंग- पेत्रोवा की जोड़ी ने रेमंड-स्टोसुर की जोड़ी को फाइनल में 6-1, 6-4 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया।
जारी रखूंगी शानदार प्रदर्शन-साफिना :
विश्व रैंकिंग में तीसरे नंबर पर काबिज होने जा रही इस खिलाड़ी ने जीत के बाद कहा मैंने इस सप्ताह अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस खेला है। रैंकिंग में ऊपर चढ़ना किसे अच्छा नहीं लगता। जीतते रहना सभी को पसंद है और मैं आशा करती हूं कि मैं इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में सुधार करूंगी। इस सत्र में यह उनका चौथा डब्ल्यूटीए खिताब है।
साफिना ने हमवतन कुजनेत्सोवा को फाइनल मुकाबले में तीसरी बार हराकर कोई खिताब अपने नाम किया है। साफिना ने इस साल लॉस एंजिल्स, मांट्रियल और बर्लिन में भी जीते थे। साफिना को दूसरे सेट में करनी पड़ी मशक्कत : साफिना ने एक घंटे 18 मिनट तक चले मुकाबले में कुजनेत्सोवा को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से मात दी।
साफिना ने पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया। हालांकि दूसरे सेट में कुजनेत्सोवा ने बेहतरीन वापसी करते हुए 3-2 की बढ़त बना ली थी लेकिन साफिना के शानदार फोरहैंड शॉट के सामने जल्द ही धराशाई हो र्गई।
साफिना के सामने नहीं टिकीं कुजनेत्सोवा :
साफिना के सामने हमवतन खिलाड़ी नादिया कुजनेत्सोवा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। साफिना की सर्विस अच्छी रही और उन्होंने 32 में से 26 बार यानी 81 फीसदी अंक पहली सर्विस पर बटोरे। मैच में 7 एस लगाने वाले साफिना ने 5 डबल फाल्ट किए और 3 में से 2 मौकों पर ब्रेक पाइंट्स हासिल किए।
रेमंड-स्टोसुर फाइनल में पराजित :
वी किंग और नादिया पेत्रोवा की जोड़ी ने लीसा रेमंड और समांथा स्टोसुर की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी को फाइनल में 6-1, 6-4 से पराजित कर खिताब जीत लिया। पहला सेट आसानी से जीतने के बाद किंग-पेत्रोवा की जोड़ी को दूसरे सेट में रेमंड-स्टोसुर के साथ पसीना बहाना पड़ा। किंग-पेत्रोवा की जोड़ी ने एक घंटे 11 मिनट की मशक्कत के बाद मैच जीतने के साथ खिताब पर कब्जा जमा लिया।