bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

आतंकवाद को निशाना बनाया मुख्यमंत्री ने

भिंड. cm प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आमजन के बीच आतंकवाद की समस्या को रखते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और उन्होंने संसद पर हमला करने वाले आतंकवादी अफजल गुरु को अब तक फांसी की सजा न दिए जाने का मामला भी रखा है। वहीं दतिया जिले के इंदरगढ़ व भिंड जिले के दबोह को तहसील बनाए जाने की अधिसूचना पढ़कर सुनाई।

जिले में 20 एवं 21 सितंबर को गोरमी, मेहगांव, भिंड, ऊमरी, रौन, मिहोना एवं लहार में आमसभा एवं रथसभाओं को संबोधित करते हुए आतंकवाद को निशाना बनाते हुए कहा कि आतंकवादियों ने देश को अपनी चपेट में ले रखा है। हाल ही में दिल्ली में हुए विस्फोट इस बात को रेखांकित करते है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आतंकवादियों ने अपना नेटवर्क बनाने का प्रयास किया था, लेकिन अब उसे ध्वस्त कर दिया गया है।

प्रदेश के अंदर आतंकवादियों को जड़ें नहीं जमाने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने केन्द्र में सत्तारूढ़ कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस सिर्फ वोटों की राजनीति के लिए संसद के हमलावर अफजल गुरुको बचाने का काम कर रही है। देश की जनता इस बात के लिए कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि केन्द्र की वर्तमान सरकार अब तक की सबसे कमजोर सरकार साबित हुई है। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्द में कहा है कि प्रदेश के

अंदर आतंकवादी और शिवराज सिंह चौहान दोनों एक साथ नहीं रह सकते हैं। यहां दोनों में कोई एक ही रहेगा। मुख्यमंत्री ने अपनी सभाओं के दौरान अब तक संचालित की गई विकास योजनाओं की जानकारी रखी। विधायक लाल सिंह आर्य ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित की जा रहीं विकास योजनाओं की जानकारी भी रखी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भाजपा सरकार ने इन पांच साल में जनता की सेवा की है,ठीक उसी प्रकार अगर पुन: जनादेश मिला तो पुन: जनता की सेवा करने का काम किया जाएगा।

मंच पर राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय सचिव प्रभात झा, सांसद डा.रामलखन सिंह, प्रदेश मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा, विधायक लाल सिंह आर्य, नरेन्द्र सिंह कुशवाह, महिला आयोग की अध्यक्ष कृष्णकांता तोमर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के चेयरमैन श्यामसुन्दर सिंह जादौन, प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य रामप्रकाश तिवारी, केशव सिंह भदौरिया, एमपीएग्रो के चेयरमैन मुंशीलाल, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री डा.सुशील गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष संजीव सिंह प्रमुख रूप से मौजूद थे। श्री सिंह ने रविवार की देर रात दतिया जिले में सेवढ़ा, इंदरगढ़ व भांडेर में भी सभाओं को संबोधित किया।

हाथ उठाकर लोगों से पूछा किसने कराया विकास
मुख्यमंत्री ने अपनी सभाओं के दौरान लोगों से हाथ उठाकर पूछा कि तीन रुपए किलो गेंहू किसने दिलाया,जननी एक्सप्रेस योजना किसने शुरू की, बिटिया को अब बोझ बनने से किसने रोका,गरीब बेटियों की शादी कराने क ा इंतजाम किसने कराया। मुख्यमंत्री के इन सब सवालों का जवाब जनता की ओर से भाजपा के रूप में आया।

मुख्यमंत्री के रथ तक पहुंचे बंदूकधारी
भिंड. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में लगे अधिकारियों को चकमा देते हुए कुछ बंदूकधारी मुख्यमंत्री के रथ तक पहुंच गए। यह बंदूकधारी स्वयं को भाजपा का कार्यकर्ता बता रहे थे। बंदूकधारियों के रथ के समीप आने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में तैनात गार्ड से उनका विवाद भी हुआ।

कुछ लोगों का कहना है कि बंदूकधारियों ने सुरक्षागार्ड के साथ धक्का-मुक्की भी की। बात यहां तक बढ़ गई कि सुरक्षागार्ड ने उक्त बंदूकधारियों से बंदूकें भी छीन लीं। बाद में इस बात को लेकर काफी देर तक बहस हुई कि यह बंदूकें वापस कर दी जाएं। हालांकि ग्राम रूर से रथ रवाना होने के बाद सुरक्षा गार्ड ने उक्त बंदूकें वापस कर दीं। छीनी गई बंदूकों की संख्या चार बताई गई है। यह वाक्या ऊ मरी थाना क्षेत्र के ग्राम रूर का है।

जब यह वाक्या हुआ तब जिला पुलिस के आला अधिकारी भी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी इन बंदूकधारियों के खिलाफ कार्रवाई करने का साहस नहीं किया। टीआई ऊमरी एसबीएस रघुवंशी ने दूरभाष पर भास्कर को बताया कि चूंकि मामला निपट गया था, इसलिए उक्त युवकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यहां विवाद का कारण भाजपा के दो नेताओं के समर्थकों के बीच शक्ति परीक्षण के कारण ऐसी अप्रिय स्थिति निर्मित हुई

भिंड में बंदूक लेकर चलने का एक चलन है। अगर कुछ उत्साही युवक हथियार लेकर आ गए तो इसे सुरक्षा में चूक नहीं कह सकते हैं। समझा बुझाकर इन युवकों को न सिर्फ हटा दिया गया था बल्कि उनके हथियार भी ले लिए थे।
- अभय सिंह, पुलिस अधीक्षक भिंड





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: