bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

होम एप्लायंसेस न बन जाएं विस्फोटक

ग्वालियर. माइक्रोवेव व वाशिंग मशीन : सफाई पर ध्यान : होम एप्लायन्स के विशेषज्ञ चिराग लोकवानी बताते हैं कि ज्यादातर भारतीय व्यंजनों को पकाते समय तेल माइक्रोवेव की दीवारों पर जमा हो जाता है। इसे हटाने के लिए महीने में एक-दो बार ग्रिल को चलाना चाहिए।

इससे जमा तेल जल जाएगा और उसे कपड़े से साफ किया जा सकता है। माइक्रोवेव का काम पूरा हो जाने पर उसे अच्छी तरह साफ करना चाहिए, ताकि खाने की तलाश में कीट-पतंगे या चूहे नुकसान न करें वहीं टॉप लोड और सेमी ऑटोमेटिक वाशिंग मशीन की तुलना में फ्रंट लोड में हीटर होता है, इसलिए उसके लिए अलग पावर बोर्ड का इस्तेमाल करना चाहिए।

फ्रिज : कम्प्रेसर पर नजर
होम एप्लाइयन्स एक्सपर्ट नवीन माहेश्वरी बताते हैं कि फ्रिज डीफ्रिज करने पर पानी कम्प्रेसर के ऊपर लगी ट्रे में एकत्र हो जाता है। गर्मी में तो यह पानी कम्प्रेसर की गर्मी से उड़ जाता है, लेकिन सर्दियों में ट्रे में ही ओवर फ्लो होता रहता है। ऐसे में यह कम्प्रेसर और रिले तक पहुंच जाता है। लूज वायरिंग होने पर हुई स्पार्किग से आग लगने या विस्फोट की स्थिति बन जाती है इसलिए पानी एकत्र करने वाली ट्रे को महीने में एक से दो बार चेक कर लेना चाहिए।

टेलीविजन : स्पार्किग से नुकसान
एक इलेक्ट्रॉनिक कंपनी के संचालक धीरज गुप्ता बताते हैं कि सभी इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स को तरल पदार्थों से बचाना चाहिए, साथ ही इसके अलावा लूज कनेक्शन या स्पार्किग होने पर उसे तुरंत इंजीनियर को दिखाना चाहिए। हाई वोल्टेज होने पर या लाइट के फ्लक्चुएट होने पर भी टीवी को नुकसान पहुंच सकता है।

एअर कंडीशनर : कूलिंग पर ध्यान रहे
एअर कंडीशनर विक्रेता और होम एप्लायंस विशेषज्ञ अजय कपूर बताते हैं कि एसी की समय-समय पर सर्विसिंग जरूरी है। अगर एसी में लूज कनेक्शन हो, स्पार्किग, कम कूलिंग या या बार-बार बंद होने की शिकायत हो, तो उसे तुरंत अनुभवी इंजीनियर को दिखाना चाहिए। ऐसा न करने पर कम्प्रेशर को नुकसान हो सकता है। समय पर ध्यान न देने पर थिरोन-22 गैस के लीक होने से कम्प्रेसर में विस्फोट भी हो सकता है। बारिश में विंडो एसी को बारिश से बचाना बहुत जरूरी है।

घरेलू गैस : लाइटर पर रखें नजर
गैस एजेंसी के राजेंद्र शिंदे बताते हैं कि गैस चूल्हे को सिलेंडर से कुछ ऊंचाई पर प्लेटफॉर्म पर रखें। फ्रिज को किचन में न रखें, साथ ही चूल्हा जलाने के लिए फ्लेम गैस लाइटर का इस्तेमाल करें। अगर लगता है कि गैस लीक हो रही है तो खिड़कियां और दरवाजे खोल दें एवं ऐसा कोई भी प्लग ऑन न करें, जिससे स्पार्किग हो सकती हो। गैस चूल्हे के पाइप के खराब होने पर उसे तुरंत बदल दें।

मोबाइल : नकली बैटरी से बचें
मोबाइल इंजीनियर ललित चौबे बताते हैं कि अगर मोबाइल में पानी चला जाता है और उसे ऐसे में चार्ज किया जाए, तो शॉट सर्किट की आशंका बढ़ जाती है, वहीं अगर मोबाइल में नकली बैटरी का उपयोग किया जाए, तो उसका विस्फोट किसी हादसे का सबब भी बन सकता है। इस बात का ख्याल रखा जाना चाहिए कि इस तरह की गलतियां न की जाएं।

कम्प्यूटर : तरल पदार्थो से दूर रखें
कम्प्यूटर हार्डवेयर इंजीनियर हितेश राय बताते हैं कि लोग अकसर खाने-पीने का सामान कम्प्यूटर के आसपास रख देते हैं। ऐसे में किसी भी तरल पदार्थ के सिस्टम में जाने से उसे नुकसान हो सकता है। इसके अलावा कम्प्यूटर के पावर प्लग में अर्थिग होना चाहिए। सही वोल्टेज बनाए रखने के लिए यूपीएस का उपयोग करें। मेग्नेटिव फील्ड जनरेट न हो इसके लिए स्पीकर को मॉनिटर से कुछ दूर रखें। वायरिंग को सामने रखें, ताकि कनेक्शन लूज न हो। जरूरत न होने पर होम पीसी को स्टैंडबाय मोड पर रखने के बजाय उसे बंद कर दें। ऐसा करने से बिजली की बचत के साथ सेफ्टी भी रखी जा सकती है। अब तो मम्मा भी टेक्नोफ्रेंडली हो गई हैं तो क्यों न ये जिम्मेदारी मम्मा ही लें।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: