bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

उड़िया वोटों पर भाजपा के डोरे

रायपुर. छत्तीसगढ़ के उत्कल समाज के मतदाताओं पर पकड़ बनाने के लिए भाजपा रणनीति तय करेगी। पार्टी के प्रदेश प्रभारी धर्मेद्र प्रधान फिलहाल उड़ीसा से 40 सदस्यों की टीम लेकर रायपुर आए हुए हैं। टीम को झुग्गी बस्तियों में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री प्रधान के मुताबिक राज्य में उड़िया मतदाताओं की संख्या 18 लाख है। राज्य के 8 जिलों की 36 विधानसभा सीटों पर इस समाज के लोगों की आबादी निर्णायक होगी। कांग्रेस इन्हें अपना वोट बैंक मानती है। इसी वजह से भाजपा ने इस पर तगड़ी सेंध लगाने की कोशिशें शुरू की हैं।

श्री प्रधान के साथ उड़ीसा भाजपा के अध्यक्ष सुरेश पुजारी समेत 40 नेता, कार्यकर्ता आए हुए हैं। इन्हें छत्तीसगढ़ में ही रुकने के निर्देश दिए गए हैं। टीम उत्कल बहुल इलाके में जाएगी। यहां के सामाजिक नेताओं के साथ उनकी बैठकें होंगी। इसी मुद्दे पर 3 अक्टूबर को श्री प्रधान फिर रायपुर आएंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।

सीएम हाउस में रणनीति : भाजपा के दिग्गजों ने मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के निवास पर रविवार देर रात चुनावी तैयारी की समीक्षा के साथ रणनीति पर मंथन किया।

इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामलाल, मुख्यमंत्री डा. सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह मौजूद थे। रामलाल को सौदान सिंह ने विधानसभा चुनाव की अब तक की तैयारी की विस्तार से जानकारी दी। सर्वे रिपोर्ट के साथ सभी सीटों के लिए तैयार किए गए दावेदारों का पैनल भी बैठक में रखा।

यहां कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों के खिलाफ मुद्दे तैयार करने का फैसला हुआ। अजीत जोगी द्वारा मरवाही से टिकट मांगे जाने को लेकर भी चर्चा हुई। रामलाल ने सुझाव दिया कि श्री जोगी को मरवाही में ही घेर लिया जाए तो बेहतर होगा। बताया गया है कि श्री जोगी के खिलाफ मुद्दे 3 सितंबर तक तैयार कर लिए जाएंगे। पार्टी इन्हें आक्रामक तरीके से उठाएगी। विधानसभा स्तर के सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को इसके लिए तैयार किया जाएगा। राष्ट्रीय महामंत्री सुबह नियमित विमान से दिल्ली लौट गए। वे बैठक में पेश किए गए दस्तावेजों को साथ ले गए हैं।

शहर व ग्रामीण पदाधिकारियों की बैठक
एकात्म परिसर में श्री प्रधान, सौदान सिंह, रामप्रताप सिंह ने रायपुर शहर व रायपुर ग्रामीण भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक लेकर कार्यकर्ता सम्मेलनों के लिए विचार विमर्श किया। बैठक में पीडब्लूडी मंत्री राजेश मूणत भी मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: