News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायपुर. स्कूल शिक्षा विभाग ने दीपावली-दशहरे की छुट्टियों का कलेंडर तय कर दिया है। शीतकालीन अवकाश के साथ-साथ गर्मी की छुट्टियों का टाइमटेबल भी बना लिया गया है। बताते हैं, आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्कूलों में कुछ दिनों की छुट्टियां रहेंगी। चुनाव के टाइमटेबल के हिसाब से उनका निर्धारण किया जाएगा।
दशहरे का अवकाश 6 से 8 अक्टूबर तक घोषित किया गया है। 6 अक्टूबर को सोमवार है। इसका मतलब 4 अक्टूबर शनिवार से ही स्कूलों में ताले लग जाएंगे। 1-2 अक्टूबर को ईद-उल-फितर(मीठी ईद) होने के संकेत हैं।
ऐसी दशा में अक्टूबर की पहली तारीख से स्कूलों में छुट्टियों का माहौल हो जाएगा। दीपावली की छुट्टियां 24 अक्टूबर से 2 नवंबर तय की गई है। 2 नवंबर को रविवार है। स्कूल 3 तारीख को खुलेंगे। शीतकालीन अवकाश 23 नवंबर से 27 नवंबर तय किया गया है। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही मतदान होने के आसार हैं।
ऐसी दशा में शीतकालीन छुट्टियों का उपयोग किया जा सकता है। हालांकि ऐसी भी चर्चा है कि चुनाव के दौरान शिक्षक और शिक्षा विभाग का बड़ा अमला मतगणना वगैरह में व्यस्त रहेगा। इस स्थिति में शीतकालीन अवकाश के अलावा भी स्कूलों में कुछ दिनों की छुट्टी दी जाएगी।
गर्मी की छुट्टियां 46 दिनों की
स्कूलों में ग्रीष्म कालीन अवकाश 1 मई से घोषित किए गए हैं। 15 जून को स्कूल खुल जाएंगे और नया सत्र शुरु होगा। शिक्षा विभाग के तयशुदा टाइमटेबल के अनुसार ही बोर्ड और लोकल परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। संकेत हैं कि इस बार 10वीं-12वीं की परीक्षाएं फरवरी के दूसरे सप्ताह से ही शुरु होंगी।