उदयपुरविदेशों से आने वाले चेक गायब कर लाखों रुपए हड़पने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो मुंबई और उदयपुर में चोरी के चेक भुनाकर अब तक सात लाख रुपए की जालसाजी कर चुका है।
गिरोह के मुंबई, दिल्ली और उदयपुर में फर्जी बैंक खाते भी हैं। पुलिस को गिरोह के तार विदेशों से भी जुड़े होने की आशंका है।
पिछले दिनों शहर के हाथीपोल थाने की पुलिस के हत्थे चढ़े सोहन लाल भानावत ने खुलासा किया कि अमेरिका के कैलिफोर्निया से किसी शैला राजपाल द्वारा उसके भाई को भेजे गए चेक को उसने चोरी कर लिया था और बैंक में फर्जी खाता खुलवाकर एक लाख रुपए निकाल लिए थे।
उदयपुर स्थितएक बैंक के प्रबंधक ने ऐसे ही एक मामले में सोहन लाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। मुंबई में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
हाथीपोल थाने के एसआई श्याम सिंह रत्नु ने कहा कि हवाला कारोबार के बंद होने के बाद प्रवासी भारतीय कूरियर से भारत में अपने परिजनों को चेक भेजते हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि कूरियर कंपनियों के कर्मचारियों की मिलीभगत से इन चेकों को भारत पहुंचने से पहले या फिर देश में आने के बाद गायब कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सोहन लाल द्वारा किए गए खुलासों के आधार पर अब गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ा जाएगा।