पिहोवा (कुरुक्षेत्र). ट्यूशन पढ़ने मंगलवार दोपहरबाद घर से निकली दो छात्राएं लापता हैं। बुधवार सुबह उनकी स्कूटी ज्योतिसर में नरवाना ब्रांच नहर के किनारे मिली। आशंका जताई जा रही है कि संभवत: दोनों ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है। नहर में दोनों की चप्पलें भी मिली हैं।
बुधवार को एसडीएम सुशील कुमार और थाना प्रभारी अवतार सिंह दल-बल के साथ पहुंचे। दिनभर गोताखोरों की मदद से नहर में उनकी तलाश की गई, लेकिन सिवाय चप्पलों के कुछ हाथ नहीं लगा। समाचार लिखे जाने तक नहर में दोनों की तलाश जारी थी। गुरुनानकपुरा कॉलोनी निवासी ममता पुत्री कृष्ण कुमार एवं वैशाली पुत्री भूपेंद्र टैगोर स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं।
मंगलवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे दोनों घर से अनाजमंडी में एक शिक्षक के पास ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थीं। रास्ते में उन्होंने एक पेट्रोल पंप से स्कूटी में पेट्रोल डलवाया और कुरुक्षेत्र की तरफ चली गई।
देर रात तक उनके घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार को परिजनों को उनकी स्कूटी नहर किनारे मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
सुबह पड़ी थी स्कूल में डांट
परिजनों के मुताबिक सितंबर टेस्ट में कम मार्क्स आने पर मंगलवार सुबह स्कूल में शिक्षकों ने उन्हें डांटा था। संभवत: इसी वजह से दोनों आहत थीं।