जालंधर कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने प्रिवेंशन ऑफ टेररिस्ट एक्ट (पोटा) को असफल करार देते हुए आतंकवाद के खात्मे के लिए कड़ा कानून बनाने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि पोटा लागू रहते देश की संसद पर हमला हुआ, जो साबित करता है कि यह कानून आतंकवाद पर काबू पाने में सक्षम नहीं था।
पंजाब दौरे के अंतिम दिन बुधवार को जालंधर में मीडिया से मुखातिब राहुल ने प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पूर्ण समर्थन किया और न्यूक्लियर डील को देशहित में बताया।राहुल गांधी ने होशियारपुर के एक गांव की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि पंजाब में सरकार की कारगुजारी प्रभावी नहीं है। बुधवार शाम वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
दौरा चुनाव से जुड़ा नहीं
अपने दौरे के लोकसभा चुनाव से जुड़े होने की चर्चाओं पर विराम लगाते हुए राहुल ने कहा कि उनके पंजाब आने का एकमात्र लक्ष्य यूथ कांग्रेस की मेंबरशिप मुहिम का जायजा लेना था।
दोबारा आना चाहूंगा
उन्होंने कहा कि वह एक श्रद्धालु के तौर पर दरबार साहिब में माथा टेकने गए थे और वह दोबारा यहां आना चाहते हैं।
मैं एटम बम नहीं
राहुल ने पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की मंगलवार की टिप्पणी के जवाब में कहा कि वे न तो एटम बम हैं और न ही बनना चाहते हैं।